उपतहसील जाहू में फोटोस्टैट सेवाओं के निविदाएं 6 तक

भोरंज 03 फरवरी। उपतहसील जाहू के परिसर में फोटोस्टैट सेवाएं प्रदान करने के लिए 6 फरवरी दोपहर तक नायब तहसीलदार कार्यालय जाहू में सीलबंद निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और ये निविदाएं इसी दिन दोपहर बाद 3 बजे खोल दी जाएंगी।
नायब तहसीलदार जाहू के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार चयनित फर्म या व्यक्ति को फोटोस्टैट का यह कार्य उपतहसील परिसर में ही करना होगा। अधिक जानकारी के लिए उपतहसील कार्यालय जाहू में संपर्क किया जा सकता है।
==========================================

कुठार में टीसीपी के नियमों के उल्लंघन पर एक व्यक्ति को नोटिस

नादौन 03 फरवरी। तहसील नादौन के जलाड़ी क्षेत्र के राजस्व मुहाल कुठार में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर एक व्यक्ति को नोटिस जारी किया गया है।
नगर नियोजन कार्यालय नादौन के नियोजन अधिकारी की ओर से हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-2 के तहत जारी इस नोटिस में उक्त व्यक्ति को अवैध निर्माण को गिराने तथा साइट पर पूर्व की स्थिति बहाल के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
===========================================

7 तक बिजली बिल जमा करवा दें धनेटा के उपभोक्ता

नादौन 03 फरवरी। विद्युत उपमंडल धनेटा के उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 7 फरवरी तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 7 फरवरी तक उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।
उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे और कनेक्शन को बहाल करवाने के लिए अतिरिक्त शुल्क जमा करवाना होगा। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

===========================================

नादौन में चिट्टा विरोधी रैली निकाली, सफाई अभियान भी चलाया

नादौन 03 फरवरी। रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडल इकाई ने मंगलवार को यहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से चिट्टा विरोधी रैली निकाली और उसके बाद ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल ध्यानू भक्त की समाधि तथा इसके आस-पास के क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया।
एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष निशांत शर्मा ने चिट्टा विरोधी रैली को मिनी सचिवालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद यह रैली नादौन कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई ध्यानू भक्त के समाधि स्थल पर पहुंची। इस रैली में रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्यों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के एनएसएस वॉलंटियरों, एनसीसी के कैडेटों, स्काउट्स एवं गाइड्स, व्यापार मंडल और अन्य संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर आम लोगों को नशे का विरोध करने का संदेश दिया। इसके बाद इन्होंने ध्यानू भक्त की समाधि और इसके आस-पास के पूरे क्षेत्र में झाड़ियों तथा कचरे को हटाया।
इस रैली एवं सफाई अभियान में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, अन्य लोगों तथा विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि नशे की समस्या को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रत्येक नागरिक को आगे आना होगा। इसी प्रकार, संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्यों को केवल जन सहयोग से ही हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के नई दिशा केंद्र की काउंसलर ने भी नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
इस अभियान में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश भारद्वाज, जिला भाषा अधिकारी संतोष कुमार पटियाल, तहसीलदार रोहित कंवर, बाल विकास परियोजना अधिकारी संजय गर्ग, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी रमन शर्मा, अन्य अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों, व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों, आंगनवाड़ी एवं आशा वर्कर्स और अन्य लोगों ने भी भाग लिया।

================================

किसी भी मृतक को नहीं दी सामाजिक सुरक्षा पेंशन : डीडब्ल्यूओ

मृत्यु की सूचना मिलते ही तुरंत रोक दी जाती है पेंशन
मृतक के खाते से पैसा नहीं निकाल सकते हैं परिजन

हमीरपुर 03 फरवरी। जिला कल्याण अधिकारी चमन लाल शर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिला हमीरपुर में किसी भी मृतक व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी नहीं की गई है। इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि विभागीय नियमों तथा राज्य सरकार द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाले व्यक्ति की मृत्यु या किसी व्यक्ति के अपात्र होने की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल प्रभाव से पेंशन रोक दी जाती है।
जब किसी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक की मृत्यु हो जाती है और इस दौरान उसके खाते में अगर पेंशन की राशि जमा हो भी जाए तो उस राशि को तुरंत वापस ले लिया जाता है। मृतक के परिवारजन पेंशन की राशि को उसके बचत खाते से नहीं निकाल सकते हैं। इस संबंध में किसी भी तरह की भ्रामक सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील करते हुए जिला कल्याण अधिकारी ने कहा कि विभाग ने जिला हमीरपुर में किसी भी पेंशनधारक को किसी भी स्तर पर अवैध भुगतान नहीं किया है।
उन्होंने बताया कि मृत या अपात्र पेंशनधारकों का सत्यापन तहसील कल्याण अधिकारियों के माध्यम से निरंतर एवं नियमित रूप से किया जाता है। साथ ही, प्रत्येक तीन माह के उपरांत मृत या अपात्र पेंशनधारकों को सूची से हटाकर उनके स्थान पर प्रतीक्षा सूची में सम्मिलित पात्र आवेदकों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन ई-कल्याण सॉफ्टवेयर के माध्यम से स्वीकृति उपरांत, नियमानुसार पेंशन जारी करने का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से ई-केवाईसी के दौरान जो लोग मृत या अपात्र पाए गए हैं, उनकी पेंशन अस्थायी तौर पर रोकी गई है। संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी इनका सत्यापन एवं जांच कर रहे हैं। जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों को पेंशन जारी कर दी जाएगी और शेष मामलों को स्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा।

================================

15 तक बिजली बिल जमा करवाएं हमीरपुर-2 के उपभोक्ता


हमीरपुर 03 फरवरी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर के अंतर्गत आने वाले उपभोक्ताओं को बिजली के बिल जमा करवाने के लिए 15 फरवरी तक का समय दिया गया है। सहायक अभियंता सौरभ राय ने कहा कि उपमंडल के जिन विद्युत उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने बिलों का भुगतान नहीं किया है, वे इनका भुगतान 15 फरवरी तक हमीरपुर शहर के भोटा चौक पर स्थित उपमंडल कार्यालय के काउंटर पर या ऑनलाइन माध्यम से कर दें।
उन्होंने बताया कि इस तिथि तक बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन पूर्व सूचना के बगैर ही काट दिए जाएंगे। सहायक अभियंता ने उपमंडल के सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
==================================

*अब रत्ती पुल में होंगे 7 व 26 फरवरी को ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट*

*मंडी, 03 फरवरी।* वाहन पंजीयन एवं अनुज्ञापन अधिकारी-सह-उपमंडलाधिकारी (ना.) रूपिंदर कौर ने आज यहां बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट के स्थान में आंशिक परिवर्तन किया गया है।

उन्होंने बताया कि पड्डल मैदान में इस माह शिवरात्रि महोत्सव-2026 के आयोजन के चलते, ड्राईविंग लाईसेंस टेस्ट लेना सम्भव नहीं है जिस कारण 07 फरवरी, 2026 व 26 फरवरी, 2026 को ड्राईविंग लाइसेंस टेस्ट का स्थान अस्थायी तौर पर रत्ती पुल (गड़ल) मण्डी में सुनिश्चित किया गया है। इस ड्राईविंग लाईसेंस टेस्ट के लिये प्रतिभागी को अपने फार्म फोटो सहित पूर्ण रूप से भरकर फाईल सहित लाने होंगे। बिना फोटो, फाईल, व अधूरे फार्म स्वीकार नहीं किये जायेंगे।

उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को होने वाले ड्राईविंग लाईसेंस टेस्ट के लिये दिनांक 03 फरवरी, 2026 को प्रातः11:00 बजे से व 26 फरवरी को होने वाले ड्राईविंग लाईसेंस टैस्ट के लिये दिनांक 19 फरवरी, 2026 को प्रातः 11:00 बजे से Sarathiparivahan.gov.in के माध्यम से स्लॉट बुक किए जा सकते हैं।

==========================================

*सिक्योरिटी गाइड एवं सुपरिवाइजर के 120 पदों के लिए साक्षात्कार 5 फरवरी को*

*मंडी, 03 फरवरी।* जिला रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने आज यहां बताया कि रोजगार के इच्छुक पुरूष उम्मीदवारों के लिए सिक्योरिटी गाईड एवं सुपरिवाइजर पदों के लिए साक्षात्कार 05 फरवरी, 2026 को आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर की ओर से उनके कार्यालय को सिक्योरिटी गार्ड एवं सुपरिवाइजर के 120 पद अधिसूचित किए गए हैं। इनकी नियुक्ति शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, हमीरपुर, चण्डीगढ़, जीरकपुर, मोहाली एवं खरड़ में होनी है। इस साक्षात्कार में दसवीं पास/फेल कोई भी आवेदक शामिल हो सकता है। साक्षात्कार के लिए न्यूनतम आयु 19 वर्ष से 40 वर्ष, लम्बाई 168 से०मी० या इससे अधिक तथा भार 52 कि.ग्रा. से 95 कि०ग्रा० होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 8 घंटे की ड्यूटी के लिए वेतनमान 15,000 रूपये और 12 घंटे की ड्यूटी के लिए वेतनमान 24,000 रुपए तक दिया जाएगा और वेतन के अलावा पीएफ, ईएसआई, इंश्योरेंस, पेंशन और मेडिकल सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि चयनित आवेदकों को एक माह का प्रशिक्षण शाहतलाई जिला बिलासपुर में प्रदान किया जाएगा। उसके पश्चात उन्हें होटल, मॉल, कम्पनीज़ या औद्योगिक क्षेत्रों में तैनाती दी जाएगी। छः माह या एक वर्ष की सेवा पूरी होने पर केंद्र सरकार द्वारा ई०एल०आई० योजना के तहत 15000 रूपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाएगी। इसके लिए आवेदक का नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में दर्ज होना चाहिए।

उन्होंने इच्छुक आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे अपने सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साईज़ फोटोग्राफ, आधार कार्ड व रोजगार पंजीकरण पत्र सहित 05 फरवरी, 2026 को जिला रोजगार कार्यालय, मण्डी में साक्षात्कार के लिए प्रातः 10.30 बजे उपस्थित हों। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 01905-235508 पर सम्पर्क भी कर सकते हैं। इस साक्षात्कार के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

=============================================

*सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारकों को अंतिम अवसर, 15 फरवरी तक अवश्य करवा लें ई-केवाईसी*

*मंडी, 03 फरवरी।* सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को ई-केवाईसी करवाने की अंतिम तिथि 15 फरवरी, 2026 निर्धारित की गई है। इस तिथि तक ईकेवाईसी न करवाने वाले पेंशनधारकों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा निर्णय लिया गया था कि प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों का ऑनलाइन माध्यम से ई-केवाईसी सत्यापन सुनिश्चित करने के लिए एक मोबाइल ऐप तैयार किया जाए, ताकि सभी पात्र पेंशनरों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन सुचारू रूप से उनके बैंक अथवा डाकघर के बचत खातों में वितरित की जा सके। विभाग द्वारा सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन ई-केवाईसी त्वरित आधार पर जिला कल्याण अधिकारी व तहसील कल्याण अधिकारी के माध्यम से आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से जुलाई, 2025 में आरम्भ किया गया था।

प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत सभी लाभार्थियों का ई-केवाईसी सत्यापन पूरा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी, 2026 निर्धारित की गयी थी। उन्होंने बताया कि जिन पेंशन धारकों ने निर्धारित अवधि में अपना ई-केवाईसी सत्यापन नहीं करवाया है, उनकी पेंशन विभाग द्वारा अस्थायी तौर पर रोक दी गई है।

इस संदर्भ में उन्होंने सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों से पुनः अपील की है कि जिन्होंने अपनी ई-केवाईसी सत्यापन अभी तक नहीं करवाया है, वे अपने नजदीकी आगंनबाड़ी केन्द्र अथवा सम्बंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय में 15 फरवरी, 2026 से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना (ई-केवाईसी) सत्यापन करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि इस अंतिम अवसर के उपरान्त, पेंशन लाभार्थी द्वारा अपनी ई-केवाईसी सत्यापित नहीं करने की स्थिति में यह समझा जाएगा कि पेंशनर अनुपलब्ध है अथवा सामाजिक सुरक्षा पैन्शन प्राप्त करने के लिए पात्र नहीं है तथा उन पैन्शनरों की पेंशन स्थायी रूप से बंद कर दी जायेगी।

इसके अतिरिक्त यदि किसी असहाय पेंशनभोगी का आधार कार्ड किसी कारण से नहीं बना है या उसे अपडेट करने की आवश्यकता है, तो वह आधार कार्ड अपडेट करवाने के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकता है।

प्रवक्ता ने आग्रह किया कि ई-केवाईसी सत्यापन के लिए आवश्यक जानकारी एवं समस्या निवारण के लिए लाभार्थी अपने नजदीकी जिला कल्याण अधिकारी, तहसील कल्याण अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, बाल विकास परियोजना पर्यवेक्षक तथा सम्बन्धित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से अविलम्ब संपर्क करें।

============================================

*सुंदरनगर के खुराहल और भवाणा में एचपी शिवा प्रोजेक्ट के तहत पौधारोपण और प्रशिक्षण शिविर आयोजित, 19 हैक्टेयर क्षेत्र में रोपित होंगे 11875 पौधे*

*मंडी, 03 फरवरी।* बागवानी विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश सब-ट्रॉपिकल हॉर्टिकल्चर इरिगेशन एंड वैल्यू एडिशन (एचपी शिवा) परियोजना के अंतर्गत मंडी जिला के सुंदरनगर विकास खंड स्थित खुराहल और भवाणा में वृक्षारोपण अभियान और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।

सोहन लाल ठाकुर ने बागवानी विभाग की कार्यप्रणाली और लक्ष्यों को पूरा करने की प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि लगभग दो महीने पहले बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने इन क्लस्टर के भूमि विकास कार्यों का निरीक्षण किया था और विभाग को दो माह के भीतर वृक्षारोपण शुरू करने के कड़े निर्देश दिए थे। विभाग ने निर्धारित समय सीमा के भीतर 19 हेक्टेयर क्षेत्र को वृक्षारोपण के लिए तैयार कर इस अभियान को सफलतापूर्वक अमलीजामा पहनाया है। इस वर्ष क्लस्टर के अंतर्गत कुल 11,875 पौधों का रोपण किया जाएगा।

तकनीकी सत्र के दौरान बागवानी विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. वी.पी. बैंस ने किसानों को जापानी फल (पर्सिमन) की खेती के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह फल न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से उत्तम है, बल्कि बाजार में इसकी बढ़ती मांग को देखते हुए यह भविष्य में बागवानों के लिए आय का एक सशक्त माध्यम बनेगा। वहीं, उप-निदेशक बागवानी डॉ. संजय गुप्ता ने एचपी शिवा परियोजना की बारीकियों को साझा करते हुए बताया कि यह योजना क्लस्टर आधारित खेती के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बदलने की क्षमता रखती है।

शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों को जापानी फल के पौधों को रोपने की आधुनिक और वैज्ञानिक विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन भी दिया गया, ताकि पौधों का बेहतर विकास सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर ज़िला समन्वयक एवं एसएमएस सुंदरनगर डॉ. राजेश शर्मा, एचडीओ सुंदरनगर डॉ. अनुपमा, प्रबंधन विशेषज्ञ डॉ. बबिता और सुंदरनगर ब्लॉक की एचपी शिवा टीम सहित भारी संख्या में स्थानीय किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे।

========================================

सोलन -दिनांक 03.02.2026

नगर निगम सोलन के सभी वार्डों की निर्वाचक नामावली अंतिम रूप से प्रकाशित

नगर निगम सोलन की वार्ड संख्या 01 से 17 तक की निर्वाचक नामावली तैयार कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी नगर निगम सोलन डॉ. पूनम बंसल ने दी।
उन्होंने कहा कि यह निर्वाचक नामावली हिमाचल प्रदेश नगर निगम निर्वाचन नियम, 2012 के अनुसार तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली की एक प्रति अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई है।

============================================

सोलन -दिनांक 03.02.2026

नगर परिषद परवाणू के सभी वार्डों की निर्वाचक नामावली अंतिम रूप से प्रकाशित

नगर परिषद परवाणू के वार्ड संख्या 01 से 09 तक की निर्वाचक नामावली तैयार कर दी गई है। यह जानकारी आज यहां निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी नगर परिषद परवाणू महेन्द्र प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने कहा कि यह निर्वाचक नामावली हिमाचल प्रदेश नगर पालिका निर्वाचन नियम, 2015 के अनुसार तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि निर्वाचक नामावली की एक प्रति अंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई है।

==========================================