चण्डीगढ़, 08.12.25 : रुद्रप्रयाग जन कल्याण मंच, चण्डीगढ़ ने आज यहाँ मक्खन शाह लुबाना ऑडिटोरियम, सेक्टर-30 में नंदा देवी की कथा नाटिका का भव्य आयोजन किया। इस नाटिका का लेखन डा. नन्द किशोर हटवाल द्वारा किया गया, जबकि निर्देशन डा. राकेश भट्ट ने अपनी विशाल टीम उत्सव ग्रुप के साथ किया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक लोक गायन शैली ‘जागर’ के रूप में संगीतमय कथा का प्रभावी वाचन प्रस्तुत किया गया। भक्तिमय और आध्यात्मिक वातावरण से भरे इस कार्यक्रम को उपस्थित दर्शकों ने बेहद सराहा।

रुद्रप्रयाग जन कल्याण मंच, चंडीगढ़ उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति और विरासत को समर्पित एक प्रमुख सामाजिक संगठन है। मंच के महासचिव सुभाष चंद्र भट्ट ने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड सरकार द्वारा 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने तथा हमारी प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं को समर्थन एवं संरक्षण प्रदान करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।

कार्यक्रम में मंच के प्रधान गोबिन्द सिंह पंवार ने उत्तराखंड की सभी सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा उपस्थित जनसमूह का हार्दिक स्वागत और सभी का धन्यवाद किया।