चण्डीगढ़, 26.11.25- : चण्डीगढ़ प्रेस क्लब (सीपीसी) के पूर्व अध्यक्ष नलिन आचार्य की प्रार्थना सभा के अवसर पर बहुत बड़ी संख्या में सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक हस्तियों ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। सभी शख्सियतों ने एक स्वर में कहा कि नलिन आचार्य मृदुभाषी, हंसमुख, बहुत ही हरमन प्यारे तथा सबके दुःख-सुख में शामिल होने वाले इंसान थे। समाज सेवा और पत्रकार भाईचारे के कल्याण के लिए नलिन आचार्य के सराहनीय योगदान के लिए सभी वक्ताओं ने बखूबी सराहा व उन्हें मिलनसार व सबके काम आने वाले व्यक्ति के तौर पर याद किया।

इस अवसर पर मंच संचालन करते हुए चण्डीगढ़ साहित्य अकादमी के वाईस चेयरमैन डॉ अनीस गर्ग ने बताया कि नलिन आचार्य सीपीसी के दो बार प्रधान बने तथा क्लब के अलग-अलग पदों पर लगभग तीन दशक तक उल्लेखनीय काम किया। उन्होंने अपने पिता संतोष कुमार (बंधू जी) के साथ 1975 में शिमला से पत्रकारिता शुरू की और लगातार 50 साल तक समर्पित भाव से जुट रहे। वरिष्ठ पत्रकार जगतार सिंह सिद्धू ने नलिन आचार्य के पत्रकारिता के क्षेत्र में 50 वर्ष के योगदान को रेखांकित किया एवं कोरोना कल ने उनके द्वारा शुरू किए गए ट्रेंड सेटर ब्रेकिंग न्यूज़ क्रिएटिव्स का विशेष तौर पर उल्लेख किया। श्री हनुमत तीर्थ, सेक्टर 25, पंचकूला के संचालक श्याम भैय्या जी एवं देवालय पूजक परिषद के पूर्व अध्यक्ष ईश्वर चंद शास्त्री ने नलिन आचार्य की आत्मिक शांति हेतु भजन गायन किया। नलिन आचार्य को श्रद्धांजलि देने वाले गणमान्यों में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य संजय टंडन, पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, भारत सरकार के एडिशनल सॉलिसिटर जनरल सत्यपाल जैन, राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू, पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेता विनीत जोशी, स्थानीय कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पूर्व मेयर सुभाष चावला, सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी, पीजीआई के हृदय रोग विभाग के प्रमुख डॉक्टर यशपाल शर्मा, लोक संपर्क विभाग, पंजाब के डायरेक्टर विमल सेतिया, चण्डीगढ़ के लोक संपर्क विभाग के निदेशक राजीव तिवारी, सीनियर आईएएस अधिकारी वीके सिंह, रोहतक यूनिवर्सिटी के उपकुलपति अमित आर्य, सीपीसी के प्रधान सौरभ दुग्गल, श्री ब्राह्मण सभा, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव यशपाल तिवारी, चण्डीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा, हिमाचल सभा, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष पृथीसिंह प्रजापति, श्री साईं धाम, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष रमेश कालिया, भारतीय सांस्कृतिक ज्ञान संस्था के अध्यक्ष अनूप सरीन, श्री शिव साईं मंदिर सेवा समिति, खरड़ के सभी पदाधिकारी, सेवा भारती, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष राजेंदर जैन एवं विश्व धर्म चेतना मंच, चण्डीगढ़ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज एवं अशोक नादिर तथा आचार्यकुल संस्था के अध्यक्ष केके शारदा के साथ-साथ इन सभी संस्थाओं के पदाधिकारी तथा सीपीसी के कई पूर्व प्रधान, विभिन्न समाचारपत्रों के संपादक, पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।

इनके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्ढा, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार व प्रो प्रेम सिंह धूमल, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर आदि द्वारा प्रेषित शोक सन्देश भी पढ़े गए। प्रार्थना सभा में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल तथा दिल्ली से कई-राजनीतिक शख्सियतों ने भी शिरकत की।