चंडीगढ़-29.05.25- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा वीरवार को सेक्टर 33 स्थित पार्टी कार्यालय में लोकमाता पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व राष्ट्रीय सचिव भाजपा सुनील देवधर ने विशेष संबोधन दिया।

इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक रामबीर भट्टी, भाजपा चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र पाल मल्होत्रा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, सह संयोजक हीरा नेगी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि से हुई। अपने संबोधन में सुनील देवधर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर केवल एक शक्तिशाली शासिका नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और धर्मनिष्ठा की प्रेरणा थीं। उन्होंने कहा, “18वीं शताब्दी में जिस दूरदृष्टि और धर्मपरायणता से उन्होंने शासन किया, वह आज के समय में भी प्रासंगिक है। उन्होंने शासन को ईश्वर की सेवा माना और स्वयं को अपने राज्य की ‘सेविका’ के रूप में प्रस्तुत किया।”

देवी अहिल्या के जीवन पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने काशी विश्वनाथ, अयोध्या, द्वारका, रामेश्वरम सहित देशभर के प्रमुख मंदिरों का जीर्णोद्धार करवाया और लाखों लोगों के लिए धर्मशालाएं, कुएं, तालाब एवं सड़कें बनवाईं। अहिल्याबाई का मानना था कि शासन जनता की सेवा का माध्यम होना चाहिए, न कि शक्ति प्रदर्शन का।

प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि अहिल्याबाई का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और लोककल्याण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने देवी अहिल्या को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।