चण्डीगढ़, 23.05.25 : केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 13वीं बटालियन द्वारा डैट कैम्प सेक्टर-43 में फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत एक वॉकथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वॉकथॉन में बटालियन के सभी उम्र के कार्मिकों ने जोश और उमंग के साथ भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य बल के कार्मिकों द्वारा आमजन में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना था। वॉकथॉन में 40 वर्ष से कम और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कार्मिकों में अलग-अलग दूरियों की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने निर्धारित दूरी पूरी करते हुए फिटनेस और अनुशासन का संदेश दिया।

इस मौके पर कमांडेंट सुश्री कमल सिसोदिया ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ और अनुशासित सुरक्षा बल ही देश की सच्ची संपत्ति है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी जवानों को मजबूत बनाते हैं जिससे बल की कार्य क्षमता में नियमित वृद्धि होती है और वह अपने देय दायित्वों को श्रेष्ठता से निभाते हैं।श्रीमती कमल सिसोदिया, जो स्वयं भी एक फिटनेस आईकाॅन है, ने सभी जवानों के साथ वाॅकाथान में भी अग्रणी होकर भाग लिया एवं इसके पश्चात् जवानों को अलग-अलग प्रकार के व्यायाम करवाए। कार्यक्रम के अंत में दोनों आयु वर्गों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों को पुरस्कार देने की घोषणा की गई। यह आयोजन फिट इंडिया मूवमेंट के प्रति केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है, जो कार्मिकों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है, और तैनाती क्षेत्र में सिविल जनता के बीच फिटनेस के प्रति जागरूकता का संदेश भी देता है।

इस अवसर पर उपस्थित 13वीं बटालियन के अन्य अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं अन्य जवानों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और स्वयं भी वॉकथॉन में भाग लिया।