नगर निगम मंडी चुनाव-2026 : 15 मई दोपहर 3 बजे से 48 घंटे तक सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों और चुनाव प्रचार गतिविधियों पर रहेगी रोक

मंडी, 14 मई। नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के दृष्टिगत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने अधिसूचना जारी कर नगर निगम मंडी क्षेत्र में मतदान समाप्ति के लिए निर्धारित समय से पूर्व 48 घंटे की अवधि के दौरान सार्वजनिक सभाओं, जुलूसों तथा विभिन्न चुनाव प्रचार गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया है।

अधिसूचना के अनुसार हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 24(2) के तहत कोई भी व्यक्ति चुनाव के संबंध में किसी सार्वजनिक सभा या जुलूस का आयोजन, संचालन अथवा उसमें भाग नहीं ले सकेगा। इसके अतिरिक्त सिनेमेटोग्राफी, टेलीविजन अथवा अन्य समान माध्यमों से चुनाव प्रचार, संगीत कार्यक्रम, नाट्य प्रदर्शन या किसी भी प्रकार के मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित कर चुनाव प्रचार करने पर भी रोक रहेगी।

उन्होंने बताया कि नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के लिए मतदान 17 मई को निर्धारित है। ऐसे में यह प्रतिबंध 48 घंटों के लिए मतदान समाप्ति के निर्धारित समय तक, अर्थात 15 मई दोपहर 3 बजे से 17 मई दोपहर 3 बजे तक नगर निगम मंडी की क्षेत्राधिकार सीमा में प्रभावी रहेगा। उन्होंने इन आदेशों के प्रभावी कार्यान्वयन को लेकर एसडीएम मंडी सदर और एसडीएम बल्ह को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए हैं।

अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 तथा अन्य लागू कानूनों के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

==============================================

पंचायती राज चुनाव : नाम वापसी के पहले दिन 236 उम्मीदवारों ने लिया नाम वापस
15 मई सायं 3 बजे तक वापस लिए जा सकेंगे नामांकन, इसके बाद चुनाव चिन्ह होंगे आवंटित

मंडी, 14 मई। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया जारी है। नाम वापसी के पहले दिन गुरुवार को कुल 236 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए हैं।

उन्होंने बताया कि 26, 28 और 30 मई को आयोजित होने वाले जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों के चुनाव के लिए उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद अब नाम वापसी की प्रक्रिया चल रही है।

उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद सदस्य पद के लिए 2 उम्मीदवारों ने, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 11 उम्मीदवारों ने, ग्राम पंचायत प्रधान पद के लिए 55 उम्मीदवारों ने, उपप्रधान पद के लिए 36 उम्मीदवारों ने तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य पद के लिए 132 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं।

उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 15 मई को सायं 3 बजे तक अपने नामांकन पत्र वापस ले सकते हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के तुरंत बाद चुनाव मैदान में शेष उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे।

==============================

स्योग, कटौला, सदयाणा और कोटली वार्डों से पहले दिन किसी ने नामांकन वापस नहीं लिया

मंडी, 14 मई। जिला परिषद के वार्ड 7-स्योग, 8-कटौला, 30-सरयाणा और 31-कोटली के लिए नामांकन वापसी के पहले दिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। यह जानकारी सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सदर मंडी रुपिंदर कौर ने दी। उन्होंने बताया कि उम्मीदवार 15 मई को सायं 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि वार्ड 7-स्योग से सुरेन्द्र, गिरीश ठाकुर, रूपेन्द्र, धर्मपाल, श्यामलाल, वीरेन्द्र कुमार और हेम सिंह उम्मीदवार हैं। वार्ड 8-कटौला से शेर सिंह, शुभम शर्मा, मुनीश कुमार, दीपक कुमार शर्मा, हरि सिंह, प्रेम सिंह और संगीत चौहान चुनाव मैदान में हैं।

इसी प्रकार वार्ड 30-सदयाणा से लाभ सिंह, राकेश कुमार, धर्मेन्द्र कुमार और परस राम तथा वार्ड 31-कोटली से हेम लता और चम्पा ठाकुर उम्मीदवार हैं।

--