आईपीएल मैचों के दौरान धर्मशाला में भारी मालवाहक वाहनों पर प्रतिबंध
धर्मशाला, 11 मई: जिला दण्डाधिकारी हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आईपीएल मैचों के दौरान, मैच आरंभ होने से 6 घंटे पहले रेत, बजरी, सीमेंट, सरिया और इस प्रकार की भवन निर्माण सामग्री लेकर आने वाले वाहनों पर धर्मशाला और आस पास के क्षेत्र में रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि यह रोक मैच के समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।
उन्होंने बताया कि धर्मशााला स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14 और 17 मई, 2026 को पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इण्डियन और राॅयल चैंलेजर के मैच प्रस्तावित हैं और इस दौरान देश-विदेश से भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहंुचेंगे। भारी वाहनों के कारण मैचों के दौरान सामान्य ट्रैफिक की आवाजाही पर असर पड़ने की संभावना रहती है, जिसके दृष्टिगत यह आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि यह आदेश केवल क्रिकेट मैच वाले दिनों के लिए ही जारी किए गए हैं।
=========================================
11 मई को कांगड़ा जिला में 7,194 नामांकन पत्र दाखिल, कुल आंकड़ा 19,748 पहुंचा
धर्मशाला, 11 मई : जिला कांगड़ा में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 11 मई को विभिन्न पदों के लिए कुल 7,194 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके साथ ही तीनों दिनों में दाखिल कुल नामांकन पत्रों की संख्या बढ़कर 19,748 पहुंच गई है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कांगड़ा सचिन ठाकुर
ने जानकारी देते हुए बताया कि 11 मई को प्रधान पद के लिए 1,406, उपप्रधान पद के लिए 1,597, वार्ड सदस्य पद के लिए 3,441, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 616 तथा जिला परिषद सदस्य पद के लिए 134 नामांकन पत्र प्राप्त हुए।
उन्होंने बताया कि तीन दिनों के दौरान प्रधान पद के लिए कुल 3,860, उपप्रधान पद के लिए 4,219, वार्ड सदस्य पद के लिए 9,799, पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 1,604 तथा जिला परिषद सदस्य पद के लिए 266 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
जिला के विभिन्न विकास खंडों में उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्वक नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया।
उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 12 मई को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की प्रक्रिया 14 एवं 15 मई को संपन्न होगी। इसके बाद अंतिम रूप से चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी।