नादौन 12 अक्तूबर। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने सोमवार को यहां सेरा के विश्राम गृह में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (एचपीकेवीएन) और उद्योग विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (एमएसएमई) प्रदर्शन संवर्धन और त्वरण योजना (रैम्प) के तहत प्रशिक्षित किए गए स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों की सदस्यों और अन्य उद्यमियों को स्टाइपेंड राशि एवं प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस अवसर पर महिला उद्यमियों और अन्य प्रशिक्षुओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कमलेश ठाकुर ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य युवाओं, लघु उद्यमियों और विशेषकर महिलाओं का कौशल विकास सुनिश्चित करना है, ताकि वे अपने लिए स्वरोजगार के बेहतर अवसर सृजित कर सकें और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आने वाले समय में ऐसे प्रशिक्षण कोर्सों की संख्या और अवधि बढ़ाने पर विचार करेगी, ताकि अधिक से अधिक युवा और महिलाएं इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने युवाओं और विशेषकर, महिलाओं से आग्रह किया कि वे इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने आपको स्वावलंबी बनाएं।
कमलेश ठाकुर ने बताया कि युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू विशेष प्रयास कर रहे हैं और इनसे संबंधित योजनाओं को बहुत ही बेहतरीन ढंग से क्रियान्वित कर रहे हैं। प्रदेश सरकार ने साढे तीन वर्षों के दौरान विभिन्न विभागों में भी हजारों पद भरे हैं और दो दिन पहले हुई कैबिनेट की बैठक में भी लगभग 15 हजार पदों को भरने की मंजूरी प्रदान की गई है। उन्होंने युवाओं से एचपीकेवीएन के प्रशिक्षण कोर्सों का लाभ उठाने तथा नशे से दूर रहने की अपील भी की।
इससे पहले, एचपीकेवीएन के समन्वयक अतुल कड़ोहता और महाप्रबंधक अमित कलठैक ने विधायक कमलेश ठाकुर का स्वागत किया तथा निगम के माध्यम से संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में एचपीकेवीएन की जिला समन्वयक निशा कटोच, जिला परिषद सदस्य रविंद्र सिंह, एसडीएम निशांत शर्मा, डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ठाकुर भगत नेगी, अन्य अधिकारी, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा देवी, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, पंचायत जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।