घुमारवीं (बिलासपुर), 25 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर असीम संभावनाएं होती हैं। ऐसे में सफलता अर्जित करने के लिए विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और प्रतिभा को पहचान कर लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों की देखा-देखी या सामाजिक दबाव में लक्ष्य तय करने के बजाय अपनी विशेषताओं के अनुरूप भविष्य की दिशा चुननी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित मेहनत, धैर्य और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार में आयोजित कॉम्प्लेक्स स्तरीय वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि उनकी जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने और किताबें पढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। शिक्षकों को प्रत्येक बच्चे की रुचि, क्षमता, विशेषताओं और कमजोरियों को समझकर उसके अनुरूप व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना चाहिए। प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता और जरूरतें अलग-अलग होती हैं, ऐसे में व्यक्तिगत आवश्यकताओं के अनुसार शिक्षण रणनीति तैयार की जानी चाहिए। बच्चों को विषयों के महत्व और उनके व्यावहारिक लाभ समझाकर पढ़ाई के प्रति प्रेरित करना भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना आवश्यक है। विद्यालय के अधूरे भवन निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए शीघ्र 30 लाख रुपये उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
*ग्राम पंचायत डंगार में 5.17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से मजबूत हो रहीं मूलभूत सुविधाएं
राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्राम पंचायत डंगार में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। लोक निर्माण विभाग के माध्यम से 19 विकास कार्यों के लिए 5.17 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं, जिनमें सड़क सुविधा के विस्तार के तहत लेडी ब्रिज से डंगार दयारा सड़क पर 5 लाख रुपये, डंगार से निचला दख्यूत लिंक रोड पर 4 लाख रुपये तथा लोअर दख्यूत से चोखना सड़क पर 10 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं। इसके अतिरिक्त डंगार से दख्यूत सड़क के विभिन्न हिस्सों के सुधार पर 23.14 लाख रुपये, डंगार से चोखना सड़क पर 44.16 लाख रुपये तथा निचला दख्यूत से पट्टा दोहरू मरयाणी संपर्क मार्ग पर आरसीसी स्लैब कलवर्ट एवं विंग वॉल निर्माण पर 25.53 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। डंगार से निचला दख्यूत स्थित खयाली राम के घर तक संपर्क मार्ग पर 3.72 लाख रुपये तथा डंगार-चोखना सड़क से निचला दख्यूत संपर्क मार्ग पर एमएमजीएसवाई के तहत 10.21 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। वहीं, बरठीं-छत-करलोटी-डंगार-तरौन-लदौर सड़क के रोपड़ी से मैहरे हिस्से में 600 मीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण पर 1 करोड़ 44 लाख 53 हजार रुपये खर्च किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चोखना में आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर 105.59 लाख रुपये, राजकीय संस्कृत महाविद्यालय डंगार में भवन सुधार कार्यों पर 22 लाख रुपये तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला दख्यूत में फुटबॉल स्टेडियम एवं खेल मैदान के निर्माण पर 7.50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। इसी तरह स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए चोखना में स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन निर्माण पर 29.08 लाख रुपये व्यय किए जा चुके हैं। जबकि सामुदायिक सुविधाओं के तहत हरितल्यांगर में सामुदायिक केंद्र के लिए 10 लाख रुपये तथा डंगार में सामुदायिक केंद्र के लिए 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एलटी लाइन विस्तार, क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को बदलने तथा सिंगल फेज लाइन को थ्री फेज में बदलने के कार्य भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग के माध्यम से पंचायत में 35.45 लाख रुपये की लागत से 12 पेयजल विकास कार्य पूरे किए गए हैं, जिसके तहत चोखना, पुखरू, दख्यूत, पट्टा, डंगार, हरितल्यांगर, भोला और महलेड़ी गांवों में कुल 7,862 मीटर पेयजल पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके अतिरिक्त पट्टा मलोटर में 20 हजार लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक का निर्माण तथा हरितल्यांगर में नया सबमर्सिबल पंप स्थापित किया गया है। इन विकास कार्यों से पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो रहा है और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
समारोह में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार, राजकीय प्राथमिक पाठशाला डंगार, राजकीय उच्च पाठशाला हरितल्यांगर, राजकीय उच्च पाठशाला चोखना, राजकीय माध्यमिक पाठशाला पट्टा, राजकीय माध्यमिक पाठशाला जोल तथा बाड़ी छजोली के विद्यार्थी शामिल हुए।
उन्होंने इस दौरान शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया तथा अच्छे भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले स्कूल के प्रधानाचार्य परमजीत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा नरेश चंदेल, प्रिंसिपल परमजीत सहित स्थानीय पंचायत प्रधान, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।