पीडीएस की दुकानों पर नियमित निरीक्षण करें अधिकारी, पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
एडीसी इशांत जसवाल ने की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक, जुलाई से अक्तूबर तक 1,028 निरीक्षण, 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से हुआ राशन वितरण
ऊना, 25 नवम्बर. अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और राशन वितरण की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के साथ वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना भी सुनिश्चित किया जाए। वे बुधवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि जिला में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। जुलाई से अक्तूबर 2026 के दौरान 61,537 क्विंटल आटा, 38,703 क्विंटल चावल, 8,714 क्विंटल चीनी, 979 क्विंटल नमक, 1,421 क्विंटल चना दाल, 1,830 क्विंटल मल्का दाल और 1,483 क्विंटल उड़द दाल वितरित की गई। इस अवधि में 6,16,257 लीटर सरसों के तेल का भी वितरण किया गया।
बैठक में खाद्य आपूर्ति विभाग की निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जुलाई से अक्तूबर के दौरान विभाग ने जिला में 1,028 निरीक्षण किए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 85,320 रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई गई।
हिमाचल प्रदेश व्यापार लेख आदेश, 1981 के तहत 24 निरीक्षण किए गए। वहीं, पॉलीथीन के उपयोग पर 171 दुकानदारों एवं व्यापारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 31 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। द्रवित पेट्रोलियम गैस अधिनियम के तहत 28 निरीक्षण किए गए और दो मामलों में 3 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश ब्रिक्स (कंट्रोल) ऑर्डर, 1970 के तहत 10 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया। दो मामलों में 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। आवश्यक वस्तु वितरण विनियमन के तहत 457 निरीक्षण किए गए और पांच मामलों में 22 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। साथ ही, अस्वीकृत बिलों के संबंध में करवाई करते हुए 15 हज़ार रुपये की राशि सरकारी कोष में जमा करवाई।
एडीसी ने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी जारी रखने पर जोर दिया।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
===================================
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जरोल में करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित
मण्डी, 25 नवंबर। जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मण्डी द्वारा आज थुनाग क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जरोल में भविष्य सेतु कार्यक्रम के अंतर्गत करियर काउंसलिंग एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्वरोजगार तथा स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन करना था।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने शिविर के दौरान विद्यार्थियों को दसवीं एवं बारहवीं कक्षा के उपरांत उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उचित रणनीति अपनाने, समय प्रबंधन तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
उद्यान विभाग की ओर से बागवानी विस्तार अधिकारी नर्बदा ने विद्यार्थियों को विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनु देवी तथा आशा कार्यकर्ता नर्बदा देवी ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक किया।
बैंक की ओर से वरिष्ठ प्रबंधक नवीन शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बैंकों द्वारा प्रदान किए जाने वाले ऋण तथा विभिन्न बैंकिंग योजनाओं एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य यशपाल ने जिला रोजगार कार्यालय, मण्डी तथा कार्यक्रम में शामिल सभी विभागों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए इस प्रकार के उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों के आयोजन को उनके करियर निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
=============================
बहुतकनीकी महाविद्यालय में मॉक एक्सरसाइज के दौरान किया बचाव कार्यों का अभ्यास
हमीरपुर 25 नवंबर। एयर रेड एंड ब्लैकआउट जैसी आपात परिस्थितियों में बचाव एवं राहत कार्यों के अभ्यास के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने बुधवार को यहां बड़ू स्थित बहुतकनीकी महाविद्यालय हमीरपुर के परिसर में नागरिक सुरक्षा मॉक एक्सरसाइज आयोजित की।
जिला स्तर पर डीडीएमए के माध्यम से बनाए गए घटना प्रतिक्रिया तंत्र यानि इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (आईआरएस) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों- होमगार्ड्स, अग्निशमन विभाग, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड और अन्य सभी विभागों की टीमों के अलावा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों तथा एनसीसी कैडेटों ने भी इस मॉक एक्सरसाइज में भाग लेकर बचाव एवं राहत कार्यों को अंजाम दिया।
इस दौरान बचाव दलों ने मॉक एक्सरसाइज के लिए निर्धारित किए गए परिदृश्य के अनुसार बहुतकनीकी महाविद्यालय के एक भवन में फंसे लोगों को बाहर निकालने तथा अस्पताल तक पहुंचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इन बचाव दलों ने भवन के मलबे में फंसे 16 लोगों को बाहर निकालने के बाद स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा।
इस रेस्क्यू ऑपरेशन को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से अंजाम देने के लिए बहुतकनीकी महाविद्यालय के बास्केटबॉल ग्राउंड में स्टेजिंग एरिया स्थापित किया गया। एसडीएम संजीत सिंह की अध्यक्षता में चलाए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन को स्टेजिंग एरिया से ही संचालित किया गया।
बचाव कार्यों की अगुवाई कर रहे होमगार्ड्स के कमांडेंट (सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कमांडर, इंडियन नेवी) विनय कुमार ने बताया कि इस बार मॉक एक्सरसाइज में आईआरएस के तहत सभी विभागों एवं टीमों के अलावा नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों और एनसीसी कैडेटों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि जिले में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवियों को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है। किसी भी तरह की आपात परिस्थिति में आईआरएस के अंतर्गत विभिन्न विभागों की टीमों के अलावा ये वॉलंटियर्स और एनसीसी कैडेट भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। इन्हें प्रैक्टिकल ट्रेनिंग एवं एक्सपोजर प्रदान करने के लिए इस मॉक एक्सरसाइज में इनकी भागीदारी सुनिश्चित की गई।
=============================
उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण सुचारू रूप से जारी
मंडी, 25 नवंबर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, जिला मंडी ने सूचित किया है कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण और तकनीकी सुधार के कारण जिले की किसी भी उचित मूल्य की दुकान में राशन वितरण बंद नहीं किया गया है।
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले ब्रिजेन्द्र सिंह पठानिया की ओर से आज यहां बताया गया कि मंडी जिला की सभी उचित मूल्य की दुकानों पर राशन वितरण पूर्व की भांति सुचारू रूप से जारी है। जिले के सभी 3.30 लाख से अधिक राशन कार्डधारक अपना निर्धारित कोटा नियमित रूप से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण (ट्रायल) से वर्तमान राशन वितरण व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई ई-पॉस मशीनों के परीक्षण और तकनीकी सुधार के कारण जिले के 872 डिपो में राशन की बिक्री अस्थायी रूप से बंद होने की सूचनाएं निराधार हैं और विभाग की ओर से राशन वितरण रोकने संबंधी ऐसा कोई भी निर्देश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें। यदि किसी डिपो धारक द्वारा राशन देने से मना किया जाता है, तो उपभोक्ता तुरंत संबंधित निरीक्षक या जिला नियंत्रक कार्यालय, मंडी में अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
=========================================
हमीरपुर में 10 पदों के लिए साक्षात्कार 27 को
हमीरपुर 25 नवंबर। महावीर मोटर्स सलासी में सेल्स मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सेल्स टीडब्ल्यू, टैक्निशियन, सर्विस मैकेनिक टीडब्ल्यू और कस्टमर केयर मैनेजर के कुल 10 पदों को भरने के लिए 27 नवंबर को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि सेल्स मैनेजर और सेल्स एग्जीक्यूटिव के लिए 18 से 40 वर्ष तक के स्नातक पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। टैक्निशियन और सर्विस मैकेनिक के लिए उम्मीदवार मैकेनिकल ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक होना चाहिए। कस्टमर केयर मैनेजर के लिए कंप्यूटर एप्लीकेशन में डिप्लोमाधारक 18 से 40 वर्ष तक के महिला एवं पुरुष उम्मीदवार पात्र होंगे। इन सभी पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को 12,500 रुपये से लेकर 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=============================================
नेरी कालेज के विद्यार्थियों के टूर की व्यवस्थाओं के लिए टेंडर अब 2 दिसंबर तक
हमीरपुर 25 नवंबर। औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के विद्यार्थियों के 4 अलग-अलग गु्रपों के जनवरी में होने वाले 15-15 दिनों के टूर के लिए वाहनों और अन्य सभी व्यवस्थाओं हेतु टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों से आमंत्रित निविदाओं की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 2 दिसंबर दोपहर 2 बजे तक कर दी गई है। महाविद्यालय के डीन डॉ. सतीश कुमार भारद्वाज ने बताया कि पहले गु्रप का टूर 10 जनवरी से 24 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 99 विद्यार्थी और 2 शिक्षक शामिल होंगे। दूसरे ग्रुप का टूर 17 से 31 जनवरी तक होगा, जिसमें लगभग 87 विद्यार्थी और 2 शिक्षक होंगे। तीसरे ग्रुप में 86 विद्यार्थियों एवं 2 शिक्षकों का टूर 15 से 29 जनवरी और चौथे ग्रुप में 79 विद्यार्थियों एवं 2 शिक्षकों का टूर 13 से 27 जनवरी तक होगा। डीन ने बताया कि 2 दिसंबर दोपहर 2 बजे तक प्राप्त निविदाओं को इसी दिन 3 बजे खोल दिया जाएगा।निविदा फार्म और अन्य जानकारियां विश्वविद्यालय की वेबसाइट वाईएसपीयूनिवर्सिटी.एसी.इन yspuniversity.ac.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। ।
===============================================
27-28 को आंशिक रूप से बाधित रह सकती है बिजली
हमीरपुर 25 नवंबर। सहायक अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि 27 और 28 नवंबर को अणु के 132 केवी विद्युत उपकेंद्र के उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा। इसलिए, उक्त विद्युत उपकेंद्र से निकलने वाले सभी 33केवी और 11केवी फीडरों की विद्युत आपूर्ति दोनों दिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आंशिक रूप से बाधित रह सकती है। सहायक अभियंता ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
===========================================
विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी
मंडी, 25 नवंबर। विद्युत उपमंडल मंडी-1 के अतिरिक्त अधिशाषी अभियंता नरेश ठाकुर ने आज यहां बताया कि 27 नवंबर, 2026 (शुक्रवार) को गणपति रोड से मट्ट तक 11 केवी एचटी लाइन एवं एलटी लाइन के पुनर्गठन/स्थानांतरण का कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के दृष्टिगत 100 केवीए जीरो चौक तथा 100 केवीए मट्ट के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों मट्ट, अप्पर सैण, गणपति रोड एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यदि निर्धारित तिथि को मौसम प्रतिकूल (बारिश इत्यादि) रहता है, तो यह कार्य अगले दिन अर्थात् 28 नवंबर, 2026 को किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विद्युत उपभोक्ताओं से सहयोग का अनुरोध किया है।
==============================================
*एनएसआईसी मंडी में चार नि:शुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन आमंत्रित*
*महिला टेलरिंग, डेटा एंट्री, टैली अकाउंटिंग व हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग का मिलेगा प्रशिक्षण, प्रत्येक पाठ्यक्रम में 20 सीटें*
**मंडी, 25 नवम्बर।** युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) प्रशिक्षण केंद्र मंडी में चार नि:शुल्क प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने बताया कि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एनएसआईसी द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए ये प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में महिला टेलरिंग (कटिंग-टेलरिंग), डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट, टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के पाठ्यक्रम चलाए जा रहे हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। महिला टेलरिंग और डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट का प्रशिक्षण तीन माह का, जबकि टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग का प्रशिक्षण एक-एक माह का होगा।
इन पाठ्यक्रमों के लिए शैक्षणिक योग्यता क्रमशः 9वीं, 10वीं, 12वीं और 10वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए सामान्य, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को कोई शुल्क नहीं देना होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड की प्रति तथा शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी के साथ एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र, पुलघराट मंडी में आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर मंत्रालय एवं एनएसआईसी की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226471 और 98160-71471 पर संपर्क किया जा सकता है।
=======================================================
ऋषिकेश अनुभाग के अंतर्गत कल कुछ स्थानों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 25 नवम्बर: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि कल यानि 26 नवम्बर को ऋषिकेश अनुभाग के अंतर्गत विद्युत लाईन के साथ लगते पेड़ों की टहनियों की कांट-छांट का कार्य करने के चलते जिला के कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र धराडसानी, कोहिना, डमली, कोठी, बैहनाजट्टां, कल्लर, बैरी, तन्यूर, भडयार, चिकनाघाट तथा आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
============================================
सोलन -दिनांक 25.11.2026
डॉ. शांडिल 26 तथा 27 नवम्बर, 2026 को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मन्त्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल 26 तथा 27 नवम्बर, 2026 को सोलन विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे।
डॉ. शांडिल 26 नवम्बर, 2026 को प्रातः 11.30 बजे राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
स्वास्थ्य मन्त्री 27 नवम्बर, 2026 को प्रातः 10.00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कण्डाघाट के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मन्त्री तदोपरान्त 11.55 बजे सोलन के जवाहर पार्क के समीप ब्रह्म कुमारी केन्द्र में आयोजित संगम अभियान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
डॉ. शांडिल इसके उपरान्त दिन में 01.00 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ओच्छघाट के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।
================
भरेड़ी में 27 को सुरेश कुमार करेंगे रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ
भोरंज 25 नवंबर। स्थानीय विधायक सुरेश कुमार 27 नवंबर को भरेड़ी में रैडक्रॉस मेले का शुभारंभ करेंगे। रैडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई द्वारा आयोजित किए जा रहे इस मेले के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम शशिपाल शर्मा ने बुधवार को यहां मिनी सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी और अन्य गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। मेले में क्षेत्र के युवक मंडलों, महिला मंडलों तथा अन्य सामाजिक संगठनों की भी अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। स्वयंसेवी संस्थाओं और वीनस फाउंडेशन का भी विशेष योगदान रहेगा।
एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने निर्देश दिए। बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, बीएमओ डॉ. ललित कालिया और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।