हमीरपुर, 19 नवंबर 2026: माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के गलोड़ में विशेष सेल्फी मोमेंट के माध्यम से हिमाचल प्रदेश में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की युवा पीढ़ी को तंबाकू एवं निकोटीन की लत से बचाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त, नशा मुक्त और तंबाकू मुक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए व्यापक जन-जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता, युवाओं को नशे एवं तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाना तथा संबंधित कानूनों का कड़ाई से कार्यान्वयन अत्यंत आवश्यक है।
पिछले अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने स्मरण करवाया कि तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ भी उन्होंने 11 अक्टूबर 2025 को शिमला से किया था। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित सत्यापन प्रक्रिया के उपरांत हिमाचल प्रदेश को इस अभियान के अंतर्गत देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाला राज्य घोषित किया गया था। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश इस वर्ष भी तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत इससे बेहतर प्रदर्शन करेगा। उन्होंने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी विभागों, स्थानीय निकायों एवं समुदायों से सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने भाग लिया, जिनमें जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, युवा, स्कूली बच्चे तथा स्थानीय समुदाय के सदस्य शामिल थे। उनकी व्यापक भागीदारी ने तंबाकू मुक्त हिमाचल के संकल्प के प्रति जनसहभागिता और सामूहिक प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित किए जा रहे 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत छह प्रमुख रणनीतियों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। इनमें जन-जागरूकता, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान, तंबाकू मुक्त गांव, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (कोटपा) तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 (पेका) का प्रभावी क्रियान्वयन, सोशल मीडिया सहभागिता तथा क्षमता निर्माण शामिल हैं।
इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच समन्वय एवं समुदाय आधारित प्रयासों को सुदृढ़ करना, युवाओं में तंबाकू सेवन की शुरुआत को रोकना, बच्चों एवं किशोरों को तंबाकू के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना तथा हिमाचल प्रदेश को एक स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त राज्य बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाना है।