बिलासपुर, 19 नवम्बर: देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के पड़यालग में महिला कांग्रेस की ओर से महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान ‘इंदिरा अमर रहे’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने इंदिरा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि इंदिरा गांधी ने अपने राजनीतिक जीवन में अनेक कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन राष्ट्रहित को हमेशा सर्वोपरि रखा। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा उनके नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता रही। वर्ष 1969 में 14 प्रमुख बैंकों का राष्ट्रीयकरण, वर्ष 1971 में प्रिवी पर्स की समाप्ति, भारत-पाकिस्तान युद्ध में ऐतिहासिक विजय और बांग्लादेश के स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में उदय, हरित क्रांति को प्रोत्साहन तथा वर्ष 1974 में पोखरण में भारत का पहला परमाणु परीक्षण उनके कार्यकाल के महत्वपूर्ण ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियां रहे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का साहसिक नेतृत्व, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं परिवार के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों, गांव के विकास, स्वच्छता, सांस्कृतिक संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता में भी सक्रिय योगदान दे रही हैं। महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। वर्तमान सरकार महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और निर्णय लेने की प्रक्रिया में समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
*11 दिसंबर को शुरू होगी मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना, चयनित परिवारों की महिलाओं को मिलेंगे 1,500 रुपये प्रतिमाह
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार आगामी 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना शुरू करेगी। इस योजना के तहत चयनित परिवारों की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही पात्र परिवारों को प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली तथा 10 लाख रुपये का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा भी उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और जरूरतमंद परिवारों को राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
*डबल इंजन नहीं, मजबूत इच्छाशक्ति से हिमाचल के हितों की लड़ाई लड़ रही सुक्खू सरकार
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा हमेशा प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनाने की पैरवी करती रही है। भाजपा का तर्क है कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से विकास को गति मिलेगी, लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने साबित किया है कि सरकार की मजबूती डबल इंजन से नहीं, बल्कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रदेश के अधिकारों की रक्षा के संकल्प से तय होती है। केंद्र में भाजपा की सरकार होने के बावजूद प्रदेश की सिंगल इंजन सरकार ने हिमाचल के आर्थिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में मजबूती से अपना पक्ष रखा है।
उन्होंने कहा कि बीबीएमबी के मामले में सर्वाेच्च न्यायालय के गत 6 नवंबर के ऐतिहासिक फैसले के तहत हिमाचल प्रदेश को अगले 20 वर्षों में 11,973 मिलियन यूनिट बिजली प्राप्त होगी। इसके अतिरिक्त 420.77 करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत देनदारी को बिजली बकाया राशि में समायोजित करने का भी आदेश दिया गया है। वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल के मामले में प्रदेश सरकार की कानूनी लड़ाई के बाद राज्य को लगभग 401 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं तथा होटल से प्रतिवर्ष करीब 37 करोड़ रुपये की आय होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना में रॉयल्टी की दर 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने का रास्ता साफ हुआ है, जिससे प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 150 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होने का अनुमान है। वहीं, किशाऊ बहुउद्देशीय बांध परियोजना से जुड़े वित्तीय हितों की सुरक्षा की दिशा में हुई प्रगति से प्रदेश को 800 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक लाभ मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रदेश सरकार हिमाचल के संसाधनों और अधिकारों की रक्षा करते हुए आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने भी अपने विचार रखे।
सम्मेलन के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली लोक संस्कृति की झलक पेश की।
सम्मेलन में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरला, निर्मला राजपूत सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि, महिला कांग्रेस पदाधिकारी और क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।