शिमला, 03.11.26-: हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने रामपुर के विधायक नन्द लाल के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। विधायक नन्द लाल पिछले लम्बे समय से बिमार चल रहे थे। विधान सभा अध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा कि नन्द लाल एक कद्दावर नेता थे। वह वर्ष 2007 में पहली बार रामपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधान सभा सदस्य चुने गए थे। वह 4 वार विधान सभा सदस्य चुने गए । स्वर्गीय नन्द लाल वर्ष 2013 में मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) रहे। इस दौरान उन्होंने विधानसभा की विभिन्न समितियों में भी जिम्मेदारियां निभाईं। वह अधीनस्थ विधान समिति और विशेषाधिकार समिति के सदस्य रहे। वर्ष 2018 से 2022 के दौरान वह कल्याण और ग्रामीण नियोजन समितियों के सदस्य रहे। दिसम्बर, 2022 में चौथी बार विधायक चुने जाने के बाद वह विधानसभा की कल्याण समिति का अध्यक्ष रहे। मार्च, 2024 में वह प्रदेश सरकार सातवें राज्य वित्त आयोग का अध्यक्ष बने साथ में उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी दिया गया। नन्द लाल का रामपुर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। सुरक्षा बल में सेवाओं से शुरुआत कर विधानसभा और वित्त आयोग तक पहुंचने का उनका सफर प्रदेश की राजनीति में अलग पहचान रखता है।
पठानियां ने कहा कि नन्द लाल गरीब व असहाय लोगों की सहायता करने के लिए सदैव तत्पर रहते थे। उनकी यह खासियत थी कि वे राजनीति, प्रशासन और समाज सेवा को हमेशा संतुलित रखते थे।
पठानियां ने कहा कि प्रदेश ने नन्द लाल के रूप में एक होनहार तथा कर्तव्य निष्ठ नेता खोया है जिसकी भरपाई करना नामुमकिन है। पठानियां ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवदेना प्रकट की है।