शाहपुर, 10 सितम्बर-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने आज राजकीय उच्च विद्यालय डढम्ब में 33 लाख रुपये की लागत से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों वाले भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्कूल के इस अतिरिक्त भवन का निर्माण मात्र 14 माह में पूरा किया गया है। उन्होंने भवन के लिए 33 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। प्रदेश के कुछ सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी है। आने वाले समय में अन्य स्कूलों में भी सीबीएसई पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इस पंचायत में लगभग 1 से 1.50 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं। वहीं, चंबी मैदान के विकास पर करीब 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और कार्य प्रगति पर है।
पठानिया ने कहा कि डढम्ब पंचायत में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए करीब 29 लाख रुपये खर्च कर तीन हैंडपंप स्थापित किए गए हैं, जबकि तीनों हैंडपंपों में विद्युत मोटर भी लगाई गई हैं।
इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को जामुन,गलगल तथा नींबू के पौधे भेंट कर ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करने का आह्वान किया ।
उन्होंने चढ़ी पंचायत के लिए 100लाइट देने की घोषणा करते हुए कहा कि पंचायत के हर वार्ड में यह लाइट लगाई जाएंगीं ।
विद्यालय स्टाफ ने मुख्य अतिथि को शाल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पंचायत प्रधान इंद्रजीत ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए तीन अतिरिक्त कमरों के निर्माण के लिए आभार जताया तथा पंचायत में करवाए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों के लिए धन्यवाद किया।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
*सीडीपीओ कार्यालय की क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल का किया निरीक्षण*
इससे पूर्व केवल सिंह पठानिया ने रैत स्थित सीडीपीओ कार्यालय में क्षतिग्रस्त रिटेनिंग वॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभाग को लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इसका एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
*यह रहे उपस्थित*
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, उपनिदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय समयाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, अधिशाषी अभियंता बीएसएनएल सतपाल,अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विपुल, सहायक अभियंता जलशक्ति रज्जाक मोहम्मद, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, बीडीओ रैत योगेंद्र,प्रधानाचार्य रैत शमसेर भारती, प्रधानाचार्य चढ़ी अरुणा पटियाल, डढम्ब स्कूल की मुख्याध्यापक आशा बारू , बीईईओ अरविंद धीमान, जिप सदस्य सुरेन्द्र ठाकुर,प्रदीप बलौरिया, शशि मेहता, संजय शर्मा, पूर्व जिप सदस्य रीतिका शर्मा,रीना पठानिया, जान्हवी ,सुमन, शिवानी, दुर्गादास, बच्चों के अभिभावक, स्कूली बच्चे एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।