सोलन -दिनांक 30.08.2026-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रखने के लिए खेल-कूद प्रतियोगिता व अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर आकर्षित करना नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के लिए प्रदेश सरकार यथा सम्भव प्रयास कर रही है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के भूमति के राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में तीन दिवसीय खण्ड स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं का विधिवत शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित छात्रों व अन्य को सम्बोधित कर रहे थे।

खण्ड स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता में 22 स्कूलों के 334 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
संजय अवस्थी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, सहयोग एवं टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। इन प्रतिभाओं को उचित मंच एवं अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली खेलकूद प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लें तथा जीत और हार की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में शिक्षा और खेल-कूद के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही है। सरकार का विशेष ध्यान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने पर है।

संजय अवस्थी ने इससे पूर्व ‘मार्च पास्ट की सलामी ली’ व विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

विधायक ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लोगों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संजय अवस्थी ने ग्राम पंचायत भूमति में पार्किंग के अतिरिक्त निर्माण के लिए 03 लाख रुपए तथा आयोजन समिति को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती के छात्रों को 41 स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध करवाने तथा ओपन जिम बनाने के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को अपनी ऐच्छिक निधि से 5100 रुपए देने की घोषणा भी की।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।
संजय अवस्थी इससे पूर्व संत निरंकारी मिशन अर्की इकाई द्वारा रक्तदान शिविर में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि रक्तदाता द्वारा दिए गए रक्त से हर दिन सभी उम्र के लोगों के जीवन की रक्षा करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा रक्तदान जहां एक अमूल्य जीवन को बचाने में सहायक है वहीं स्वयं व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है। उन्होंने इस अवसर पर लोगों से आग्रह किया कि रक्तदान अवश्य करें।

खण्ड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, ज़िला परिषद सदस्य सतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के उप-प्रधान धनीराम ठाकुर, नगर पंचायत अर्की के पार्षद अनुज गुप्ता, कांग्रेस पार्टी से प्यारे लाल शर्मा, ऋषिदेव गौतम, रमेश ठाकूर, राजेन्द्र रावत, राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान विभूति शर्मा, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, संत निरंकारी मिशन अर्की इकाई के संयोजक ठाकुर विद्यासागर, विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ी, शारीरिक शिक्षा शिक्षक, अध्यापकगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित थे।