उपायुक्त ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना के कार्यों की समीक्षा की
बिलासपुर 29 अगस्त: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा के लिए आज बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में भूमि अधिग्रहण, अधिग्रहित भूमि के कब्जे, प्रभावित परिवारों की समस्याओं, विद्युत एवं जलापूर्ति सुविधाओं, पेड़ों के मूल्यांकन तथा अन्य लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि किलोमीटर 20 से 52 तक परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त अदालत में लंबित मामले का निपटारा होने के उपरांत भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अधिग्रहित भूमि का कब्जा शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बैठक में सुरंग संख्या-19 से संबंधित जनसमस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा करते हुए रेलवे कार्य के लिए स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन के कारण प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा प्रदान करने तथा लंबित मामले का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अधिग्रहित मकानों के बदले निर्मित किए गए नए घरों में बिजली एवं पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाने संबधी मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तथा जल शक्ति विभाग को ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में 52 से 60.500 किलोमीटर तक भूमि अधिग्रहण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने इस सम्बन्ध में वन विभाग को शीघ्र मूल्यांकन रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया समयबद्ध ढंग से पूरी की जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों एवं कार्य कर रही एजेंसियों को निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना के कार्यों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में एसडीएम सदर राज कुमार, श्रीनैना देवी जी धर्मपाल के अतिरिक्त सम्बन्धित विभागों व रेलवे के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
=============================================
अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का शेड्यूल जारी
बिलासपुर, 29 अगस्त: उप निदेशक स्कूल शिक्षा प्रारंभिक बिलासपुर अरुण गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत जिला बिलासपुर में अंडर-14 वर्ग के छात्र-छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन आगामी सितंबर एवं अक्तूबर माह में विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अंडर-14 छात्र वर्ग की माइनर गेम्स प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैहल में 16 से 18 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार अंडर-14 छात्र वर्ग की मेजर गेम्स प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला औहर में 16 से 18 सितंबर तक आयोजित होगी। जबकि अंडर-14 छात्राओं की मेजर एवं माइनर गेम्स प्रतियोगिता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटवाड़ में 21 से 24 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अंडर-14 छात्रों के लिए एथलेटिक्स, चैस, योग, ताइक्वांडो एवं कुराश प्रतियोगिताएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नम्होल में 15 और 16 अक्तूबर को जबकि छात्राओं की प्रतियोगिताएं इसी स्कूल में 17 व 18 अक्तूबर को आयोजित होंगी।
इसी तरह अंडर-14 छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्लर में किया जाएगा। छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं 17 एवं 18 अक्तूबर तथा छात्रों की प्रतियोगिताएं 19 और 20 अक्तूबर को आयोजित की जाएंगी।
=====================================
एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत जिला में किया जा रहा डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण
बिलासपुर 29 अगस्त: उप निदेशक कृषि बिलासपुर कुलभूषण धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग द्वारा जिला में एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण का कार्य स्टार एग्री बाजार टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य खेत स्तर पर बोई गई फसलों, फसल क्षेत्र तथा सिंचाई के साधनों से संबंधित वास्तविक समय की जानकारी डिजिटल माध्यम से एकत्रित करना है।
उन्होंने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से सर्वेयर द्वारा मोबाइल एप से संबंधित खेत में जाकर फसल की जानकारी दर्ज की जा रही है। इससे प्रत्येक कृषि भू-खण्ड की फसल संबंधी जानकारी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एग्रीस्टैक परियोजना के अंतर्गत तैयार होने वाला यह डाटा कृषि क्षेत्र में बेहतर योजना, फसल उत्पादन के आकलन, कृषि आदानों की आवश्यकता निर्धारित करने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होगा।
कुलभूषण धीमान ने डिजिटल क्रॉप सर्वेक्षण के दौरान सर्वे टीम को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा किसानों से खेतों में बोई गई फसल से संबंधित सही जानकारी उपलब्ध का आह्वान किया। ताकि किसानों के सहयोग से जिला में डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक किया जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी के अंतर्गत जिले के प्रत्येक कृषक परिवार की एक विशिष्ट किसान आईडी तैयार की जा रही है। यह आईडी भूमि रिकॉर्ड तथा आधार कार्ड से प्रमाणित होगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज एवं उर्वरक सब्सिडी, कृषि उपकरणों पर अनुदान तथा फसल खरीद पोर्टल पर पंजीकरण सहित विभिन्न कृषि सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसान आईडी आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि किसान अपनी किसान आईडी के लिए स्वयं ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए किसान पोर्टल hpfr.agristack.gov.inपर जाकर आधार से लिंक मोबाइल नंबर के माध्यम से ई-केवाईसी कर घर बैठे पंजीकरण कर सकते हैं या अपने निकटतम लोकमित्र केंद्र में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी करवा सकते है।
उन्होंने किसानों से अपील की है कि वह एफ.एफ.एस. योजना के अंतर्गत अपनी कृषक आईडी नजदीकी लोकमित्र केंद्र तथा कृषि विभाग के नजदीकी विकास खण्ड कार्यालय में जाकर बनवा लें, ताकि भविष्य में कृषि विभाग द्वारा मिलने वाली अनुदान राशि की प्रक्रिया पूरी हो सके।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए जिला कार्यक्रम समन्वयक उषा शर्मा से मोबाइल नंबर 82639-45069 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कृषि विषयवाद विशेषज्ञ के कार्यालय में भी संपर्क कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
-000-