डीसी गंधर्वा राठौड़ ने बमसन की पंचायतों में लिया विकास कार्यों का जायजा
जलस्रोतों की सफाई और आंगनवाड़ी केंद्रों का भी किया निरीक्षण

हमीरपुर 14 जुलाई। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मंगलवार को विकास खंड बमसन (टौणी देवी) की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा करके विभिन्न विकास कार्यों, विशेषकर जल संरक्षण से संबंधित कार्यों का जायजा लिया तथा संबंधित पंचायत जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों और महिला मंडल भवनों का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने ग्राम पंचायत बारीं के आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान इनका रिकॉर्ड भी चेक किया तथा संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से विभिन्न योजनाओं की विस्तृत रिपोर्ट ली। उपायुक्त ने गांव चाहड़ के महिला मंडल की सदस्यों के साथ संवाद करके विभिन्न योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण फीडबैक लिया तथा महिलाओं से नशा निवारण अभियान और सफाई अभियान मंे सक्रिय योगदान की अपील भी की। उपायुक्त ने गांव बारीं में भी महिला मंडल की सदस्यों के साथ संवाद किया और गांव के पुराने कुएं की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान बीडीओ वैशाली शर्मा, ग्राम पंचायत बारीं के प्रधान राजीव चौहान, उप प्रधान अशोक कुमार, वार्ड पंच रीना कुमारी, अंजू देवी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

============================================

जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक 16 को

हमीरपुर 14 जुलाई। जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक 16 जुलाई को सुबह 11 बजे यहां बचत भवन में आयोजित की जाएगी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि विधायक सुरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली इस बैठक में समिति के अन्य गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित रहेंगे। उपायुक्त ने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को बैठक में अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्या की विस्तृत रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
==============================

मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हमीरपुर के सौजन्य से विश्व जनसंख्या दिवस के

अवसर पर जय भारती कॉलेज, लोहारी (हमीरपुर) में जागरूकता कार्यक्रम का
आयोजन किया गया।

जिसमें आठ बच्चों के बीच भाषण प्रतियोगिता करवाई गई, उन्होंने बढ़ते हुई
जनसंख्या से पैदा होने वाली समस्याओं के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा
की गई.

इस अवसर पर सुनील कुमार रांगड़ा, जिला शिक्षा एवं संप्रेषण अधिकारी ने
अपने संबोधन में छात्र एवं छात्राओं से बढ़ते हुई जनसंख्या से पैदा होने
वाली समस्याओं के बारे में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई, जिसमें जनसंख्या
बढ़ने से भूमि की कमी, बेरोजगारी का बढ़ना, संसाधनों की कमी और समाज में
चोरी जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं. और बताया कि बढ़ती जनसंख्या के कारण
स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार एवं प्राकृतिक संसाधनों पर नियंत्रण दबाव बढ़
रहा है. उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन के लिए
प्रोत्साहित किया और सरकार की ओर से चलाई जा रही स्वास्थ्य योजनाओं पर
प्रकाश डाला.

इस अवसर पर श्रीमती सलोचना देवी, बीसीसी कोऑर्डिनेटर ने कहा कि यदि युवा
पीढ़ी को सही मार्गदर्शन एवं उचित प्रेरणा मिले तो वे समाज में सकारात्मक
परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नगद
पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में सविता कुमारी ने प्रथम, निशा ने
द्वितीय तथा चंद्रकांता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान जय भारती कॉलेज के सचिव श्री उपेंद्र कुमार चौहान ने
कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस जैसे जागरूकता कार्यक्रम समाज को नई दिशा
देने तथा जनसंख्या संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक
करने में अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कॉलेज परिसर में
इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग का आभार भी व्यक्त किया।

===============================================

बैंक ग्राहकों को बताए उनके अधिकार, योजनाओं की जानकारी भी दी
आरबीआई के शिमला कार्यालय ने भलेठ के गांव दरयाल और हमीरपुर के डुग्घा में आयोजित किए शिविर

हमीरपुर 14 जुलाई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शिमला कार्यालय ने विकास खंड सुजानपुर की ग्राम पंचायत भलेठ के गांव दरयाल और हमीरपुर के निकटवर्ती गांव डुग्घा में वित्तीय साक्षरता एवं ग्राहक जागरुकता शिविर आयोजित किए, जिनमें आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन्होंने लोगों को विभिन्न बैंकों के ग्राहक के रूप में उनके अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बैंक खाताधारकों को अपनी ई-केवाईसी करवाने तथा डिजिटल ठगों से सावधान रहने की सलाह भी दी। कार्यक्रम के दौरान लोगों को पीएम स्वास्थ्य बीमा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, फसल बीमा योजना, पीपीएफ और कई अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
इस मौके पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल, पीएनबी ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) के निदेशक अजय कुमार कतना और अन्य अधिकारियों ने आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक, अन्य अधिकारियों तथा शिविरों के प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा बैंकिंग के क्षेत्र में जिला हमीरपुर की उपलब्धियों की जानकारी दी।
दोनों शिविरों के दौरान आरबीआई के उप महाप्रबंधक जसविंद्र सिंह औजला, पीएनबी के सर्कल कार्यालय के उप प्रमुख पोविंद्र ठाकुर, ग्राम पंचायत भलेठ की प्रधान मीरा देवी और अन्य लोग भी उपस्थित थे।

=======================================

भ्रूण के लिंग परीक्षण के संदिग्ध मामलों पर रखें नजर: डॉ. अजय अत्री
पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट-1994 के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक में की अपील

हमीरपुर 14 जुलाई। गर्भावस्था के दौरान भ्रूण के लिंग परीक्षण और कन्या भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराध को रोकने के लिए बनाए गए पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट-1994 के तहत गठित जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय अत्री की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में समिति के सरकारी और गैर सरकारी सदस्यों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला में पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट-1994 की अक्षरशः अनुपालना के लिए कड़े प्रावधान किए गए हैं तथा सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है।
डॉ. अजय अत्री ने समिति के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि अगर जिला मंे लिंग परीक्षण से संबंधित किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि उनके ध्यान में आती है तो वे तुरंत सूचित करें।
बैठक में कुछ निजी अस्पतालों की ओर से प्राप्त अल्ट्रासोनोग्राफी की नई मशीनें खरीदने के आवेदनों, पुरानी मशीनें बेचने, अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण के नवीनीकरण और अन्य मामलों पर समिति के सदस्यों ने व्यापक चर्चा की।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की डॉ. पूनम कुमारी और डॉ. अनिल कुमार, सहायक जिला न्यायवादी सुभाष चंद, गैर सरकारी सदस्य सुषमा शर्मा और समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।