नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास और दुकानों का उदघाटन करेंगे मुख्यमंत्री

हमीरपुर 14 जुलाई। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को हमीरपुर का दौरा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे हमीरपुर पहुंचेंगे। थोड़ी देर के लिए सर्किट हाउस में रुकने के बाद वह करीब 11ः45 बजे बस स्टैंड के सामने रानी झांसी पार्क के पास नगर निगम की 11 दुकानों का उदघाटन करेंगे। इसके बाद वह टाउन हॉल के परिसर में नगर निगम के कार्यालय भवन का शिलान्यास भी करेंगे। शिलान्यास के बाद वह टाउन हॉल में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर बाद मुख्यमंत्री शिमला लौट जाएंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम के अधिकारियों को उदघाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
====================================================
23 तक बंद रहेगी मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क

भोरंज 14 जुलाई। उपमंडल भोरंज में मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते इस सड़क पर यातायात 23 जुलाई तक बंद किया गया है।
एसडीएम भोरंज शशिपाल शर्मा ने बताया कि मुंडखर-नैली जमली-मनोह सड़क के मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य को सुचारू रूप जारी रखने के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 23 जुलाई तक बंद की गई है। इस दौरान क्षेत्र के वाहन चालक जाहू-पट्टा मुख्य मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं।
====================================================
जलाड़ी सौंखला में टीसीपी एक्ट के उल्लंघन पर एक व्यक्ति को नोटिस

नादौन 14 जुलाई। तहसील नादौन के राजस्व मुहाल जलाड़ी सौंखला में नगर एवं ग्राम नियोजन (टीसीपी) अधिनियम का उल्लंघन करते हुए निर्माण करने पर एक व्यक्ति को टीसीपी विभाग ने नोटिस जारी किया है।
विभाग के नियोजन अधिकारी की ओर से हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम-1977 की धारा 39 की उपधारा-1 के तहत जारी इस नोटिस में निर्माण कार्यों को तुरंत बंद करने तथा साइट पर पूर्व की स्थिति बहाल के निर्देश दिए गए हैं। ऐसा न करने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
============================================
छडोल अनुभाग के अंतर्गत आसपास के क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 14 जुलाई: सहायक अधिशाषी अभियंता विद्युत उप मण्डल-। ई. सन्नी जगोता ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 व 18 जुलाई को छडोल अनुभाग में बिजली की लाइनों की आवश्यक मरम्मत व पेड़ों की कांट-छांट करने के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को छडोल अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र कल्लर, तरसली, तुन्नू, डाबर, कोट, गम्बर, जामली, नेरी, छडोल तथा 18 जुलाई को डाबर, जामली, नेरी, छडोल, बनाली तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने बताया कि शटडाउन मौसम पर निर्भर रहेगा तथा लोगों से सहयोग की अपील की है।
===============================================

एनसीसी एयर विंग के कैंप मेें मंडी कालेज ने जीती ओवरऑल ट्रॉफी
विद्यालयों के वर्ग में डीएवी मंडी विजेता और पनारसा स्कूल उपविजेता
अभिषेक, वंशिका, तरुण और प्रिया बने बेस्ट कैडेट
विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने विजेताओं को किया पुरस्कृत

हमीरपुर 14 जुलाई। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) के परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की एयर विंग का दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-223) मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर शिविर के कमांडेंट एवं 1एचपी एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
महाविद्यालयों के वर्ग में वल्लभ राजकीय कालेज मंडी को समग्र चैंपियन घोषित किया गया। इस संस्थान ने कुल 18 स्वर्ण एवं 9 रजत पदक जीते। ड्रिल और अनुशासन की ट्रॉफी भी इसी संस्थान के नाम रही। एसोसिएट एनसीसी अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन इस संस्थान का नेतृत्व किया। फ्लाइंग ऑफिसर निश्चल शर्मा के नेतृत्व में 11 स्वर्ण और 16 रजत पदकों के साथ डिग्री कालेज कुल्लू ने दूसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालयों के वर्ग में डीएवी स्कूल मंडी ने 4 स्वर्ण और 8 रजत पदकों के साथ समग्र चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पनारसा 4 स्वर्ण एवं 4 रजत पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
सीनियर वर्ग में कुल्लू कालेज के अभिषेक और वंशिका को अपने-अपने वर्गों में बेस्ट कैडेट घोषित किया गया। जूनियर वर्ग में रावमापा पनारसा के तरुण और रावमापा जरी की प्रिया गुरुंग बेस्ट कैडेट रहीं। मंडी कालेज के मनीष बेस्ट एथलीट बने। ड्रिल प्रतियोगिता में मंडी कालेज और डीएवी मंडी अपने-अपने वर्गों में अव्वल रहे।
सीनियर वर्ग की .22 राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कालेज के शिवम ठाकुर और आईआईटी मंडी की भाग्यश्री प्रथम रही। स्कीट शूटिंग प्रतियोगिता में मंडी कालेज के यतिंद्र और दीपिका अव्वल रहीं।
विंग कमांडर कुनाल शर्मा ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई दी तथा शिविर में भाग लेने वाले प्रत्येक कैडेट की अनुशासनप्रियता, समर्पण, उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं उच्च मनोबल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एटीसी-233 का प्रमुख उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग, अनुशासन, राष्ट्रीय एकता तथा राष्ट्र सेवा की भावना का विकास करना था। उन्होंने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग के लिए एनआईटी के निदेशक प्रोफेसर एचएन सूर्यवंशी, संस्थान के अन्य सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, एसोसिएट एनसीसी अधिकारियों, पीआई स्टाफ, सिविल स्टाफ, एरो मॉडलिंग टीम, मोटिवेशनल स्पीकर्स और अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। समापन अवसर पर कैडेटों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लघु नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब समां बांधा। शिविर के समापन की पूर्व संध्या पर प्रतिभागी कैडेटों के अलावा हिमाचल प्रदेश के मशहूर कलाकारों व म्यूजिकल बैंड ने भी खूब मनोरंजन किया।
===============================================जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में 23 जुलाई को 50 पदों के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन
बिलासपुर, 14 जुलाई: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर द्वारा रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए 23 जुलाई, 2026 को प्रातः 11 बजे जिला रोजगार कार्यालय परिसर में एम/एस B4S Solutions प्राइवेट लिमिटेड, बसंती बाग, साई रोड, बद्दी (जिला सोलन) के सहयोग से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति कंपनी के बद्दी स्थित प्रतिष्ठान में की जाएगी।
उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा आईटीआई फिटर की 10, आईटीआई इलेक्ट्रीशियन की 10, आईटीआई इलेक्ट्रॉनिक्स की 5, आईटीआई मैकेनिकल की 5, आईटीआई टूल एंड डाई मेकर/मशीनिस्ट की 10, आईटीआई टर्नर की 5 तथा आईटीआई इलेक्ट्रिकल के 5 पदों सहित कुल 50 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए संबंधित ट्रेड में दो वर्षीय आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है तथा पुरुष एवं महिला दोनों उम्मीदवार साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
राजेश मेहता ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को 14,060 रुपए प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी द्वारा चाय-नाश्ता, रियायती दर पर भोजन, अर्जित अवकाश (ईएल) का नकदीकरण, दीपावली बोनस तथा पूर्ण उपस्थिति पर 400 रुपए का अटेंडेंस रिवॉर्ड सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर अपने सभी मूल प्रमाण-पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाण-पत्र, संबंधित आईटीआई प्रमाण-पत्र, दो पासपोर्ट आकार के नवीनतम फोटो, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो) साथ लाने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर के दूरभाष 01978-222450 अथवा नियोक्ता के मोबाइल नंबर 98160-80764 पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) अथवा अन्य देय देय नहीं होगा।
===============================================
24 जुलाई को टाण्डा फायरिंग रेज में जाने से बचें
धर्मशाला, 14 जुलाई: सहायक आयुक्त कांगड़ा ने जानकारी देते हुए बताया है कि भारतीय सेना द्वारा टाण्डा फायरिंग रेंज में 24 जुलाई को सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जाएगा। लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत उन्होंने फाइरिंग रेंज के निकटवर्ती कोहाला, कच्छयारी, खोली तथा घुरकड़ी गांवों के लोगों से आग्रह किया है कि वे 24 जुलाई को निर्धारित फाइरिंग प्रशिक्षण के समय फायरिंग रेंज के आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें और अपने पालतू जानवरों को भी दूर रखें।
============================================
स्टाफ नर्स के 71 पदों पर भर्ती, निर्धारित श्रेणी एवं बैच के अभ्यर्थी 20 जुलाई तक करें पंजीकरण
बिलासपुर, 14 जुलाई: जिला रोजगार अधिकारी, बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशालय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश, शिमला द्वारा स्टाफ नर्स के 71 पद अधिसूचित किए गए हैं। इन पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों के नाम रोजगार कार्यालयों के माध्यम से प्रायोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिला बिलासपुर के जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) तथा बैचलर ऑफ साइंस इन नर्सिंग (बीएससी. नर्सिंग) उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी, जो अधिसूचित श्रेणी एवं निर्धारित बैच के अनुसार पात्र हैं, वे 20 जुलाई, 2026 तक अपना नाम संबंधित रोजगार कार्यालय में अनिवार्य रूप से पंजीकृत करवाएं। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण पहले से रोजगार कार्यालय में है, वे भी अपने पंजीकरण एवं पात्रता संबंधी विवरण की पुष्टि अवश्य कर लें, ताकि नाम प्रायोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि भर्ती के अंतर्गत अनारक्षित (यूआर) श्रेणी के 28 पद (दिसंबर, 2010 तक का बैच), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 13 पद (दिसंबर, 2012 तक का बैच), अनुसूचित जाति (एससी) के 13 पद (दिसंबर, 2013 तक का बैच), अन्य पिछड़ा वर्ग (गरीबी रेखा से नीचे) ओबीसी-बीपीएल के 3 पद (दिसंबर, 2013 तक का बैच), अनुसूचित जाति (गरीबी रेखा से नीचे) एससी-बीपीएल, के 3 पद (दिसंबर, 2014 तक का बैच), अनुसूचित जाति (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) एससी-डब्ल्यूएफएफ, का 1 पद (दिसंबर, 2017 तक का बैच), अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 2 पद (दिसंबर, 2013 तक का बैच), अनारक्षित (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) डब्ल्यूएस, के 7 पद (जून, 2011 तक का बैच) तथा अनारक्षित (स्वतंत्रता सेनानी आश्रित) आर-डब्ल्यूएफएफ, का 1 पद (दिसंबर, 2012 तक का बैच) अधिसूचित किया गया है।
उन्होंने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व अपना पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण पहले से रोजगार कार्यालय में है, उनसे अपने पंजीकरण एवं पात्रता संबंधी विवरण की पुष्टि करवाने का आग्रह किया है, ताकि नाम प्रायोजन के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, बिलासपुर के दूरभाष 01978-222450 पर कार्यालय समय के दौरान संपर्क किया जा सकता है।
===========================================
ऋषिकेश अनुभाग के अंतर्गत आसपास के क्षेत्रों में बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
बिलासपुर 14 जुलाई: सहायक अभियंता विद्युत उप मण्डल-।। ई. रविन्द्र चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 जुलाई को ऋषिकेश अनुभाग में बिजली की लाईनों की आवश्यक मरम्मत व पेडों की कांट-छांट करने के चलते कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश अनुभाग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र छत-।।, समलेता, चिकनाघाट तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रुप से बाधित रहेगी। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है।
========================================
बाल विकास परियोजना चम्बा के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता व क्रेच सहायिकाओं के पदों पर आवेदन आमंत्रित
4 अगस्त तक करें आवेदन, 12 अगस्त को होंगे साक्षात्कार
चम्बा, 14 जुलाई -बाल विकास परियोजना अधिकारी कमल किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि बाल विकास परियोजना चम्बा के अंतर्गत क्रेच कार्यकर्ता के 8 व क्रेच सहायिकाओं के 13 रिक्त पदों को भरने के लिए इच्छुक पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित हैं। इच्छुक अभ्यार्थी समस्त प्रमाण पत्रों की सत्यापित छाया प्रतियों सहित अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी चम्बा के कार्यालय में 4 अगस्त सायं 5 बजे तक कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के पश्चात आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि क्रेच कार्यकर्ता के पद जुलाखड़ी वार्ड के उप्पर जुलाखड़ी और लोअर जुलाखड़ी क्रेच केंद्रों, सुल्तानपुर के माई का बाग, द्रमण के द्रमण क्रेच केंद्र, सरोल के सुल्तानपुर, कियानी के कियानी क्रेच केंद्र, साहो पधर के दियुल और हरदासपुर के मुचयाडी क्रेच केंद्र में वहीं क्रेच सहायिका के पद जनसाली के खरुडा, प्रोथा के धनग्रां (ओथल), सुल्तानपुर के माई का बाग, द्रमण के द्रमण क्रेच केंद्र, सुल्तानपुर वार्ड के सुल्तानपुर क्रेच केंद्र, कियानी पंचायत के कियानी क्रेच केंद्र, झुलाडा के भटका, प्रोथा के भेला (दलेला), मुगला के मुगला-1, जुलाखड़ी के लोअर जुलाखड़ी, हरदासपुर के मुचयाड़ी (हरदासपुर-2), हरदासपुर के मुगला-2 (हरदासपुर-1) और सरोल पंचायत के सिद्धपुरा क्रेच केंद्रों में भरे जाने हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि उक्त क्रेच केंद्रों में रिक्त कार्यकर्त्ता व सहायिकाओं के पदों हेतू साक्षात्कार 12 अगस्त को प्रातः 10 बजे से बाल विकास परियोजना अधिकारी चम्बा के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्रेच कार्यकर्ता को 5500 रूपये तथा सहायिका को 3 हजार रूपये का मानदेय प्रतिमाह कि दर से प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संबंधित पदों के लिए केवल वही महिला अभ्यार्थी पात्र होंगी, जो संबंधित क्रेच केंद्र के फीडर एरिया की सामान्य निवासी हों। क्रेच कार्यकर्ता पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं उत्तीर्ण तथा क्रेच सहायिका पद के लिए दसवीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। अभ्यार्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि अभ्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आय प्रमाण पत्र तहसीलदार, नायब तहसीलदार अथवा सक्षम अधिकारी द्वारा जारी एवं हस्ताक्षरित होना आवश्यक है।
चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव, आंगनबाड़ी हैल्पर, स्पेशेलाइजड एडाप्शन एजेंसी में आया, सीसीआई में आया या सरकारी प्री प्राइमरी स्कूल में आया के तौर पर अनुभव , अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनाथ, परित्यक्त एवं सरेंडर महिला, विधवा, तलाकशुदा, बेसहारा महिला,ऐसी विवाहित महिलाएं जिनके पति पिछले 7 सालों सी लापता हैं और ऐसी महिलाएं जिन्हे उनके पतियों छोड़ दिया है और जो अपने माता पिता के साथ रह रहीं हों, राज्य गृह/बालिका आश्रम में रहने वाली महिलाओं तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार दो बेटियों वाले परिवारों को नियमानुसार अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएंगे। अंतिम चयन कुल 25 अंकों के आधार पर किया जाएगा, जिसमें साक्षात्कार के लिए अधिकतम 3 अंक निर्धारित हैं।
इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नवीनतम प्रति तथा अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां निर्धारित कार्यालय में जमा करनी होंगी। साक्षात्कार के समय सभी मूल प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्रेच/ आंगनबाड़ी केन्द्र, वृत्त पर्यवेक्षक कार्यालय अथवा बाल विकास परियोजना अधिकारी, चम्बा के कार्यालय से 01899-292720 दूरभाष नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
================================================
बडगांव और बल्हसीणा पंचायत में दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी
बिलासपुर, 14 जुलाई: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत जिला बिलासपुर की झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बडगांव तथा ग्राम पंचायत बल्हसीणा में लोगों को जागरुक किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अध्यक्षता सम्बन्धित ग्राम पंचायत प्रधानों ने की।
विभाग द्वारा अनुमोदित सांस्कृतिक दल मां वैष्णों सांस्कृतिक दल बरठीं की प्रधान रमा शर्मा की अगुवाई में दल के अन्य कलाकारों ने लोकगीतों और नुक्कड नाटाकों की प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, रोज़गार, गृह अनुदान योजना व स्वास्थ्य योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी सरल और मनोरंजक ढंग से ग्रामवासियों तक पंहुचाई। कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं में अनुसूचित जाति से सम्बन्ध रखने वाले 18-55 आयु वर्ग के लोगों को, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक हो उन्हें व्यवसाय हेतु 50 हजार से 1.40 लाख रुपये तक का ऋण 6.50 प्रतिशत ब्याज दर पर तथा 50 लाख रुपये तक का ऋण 8 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जाता है। इसके अतिरिक्त कलाकारों ने नशामुक्ति का संदेश भी दिया और समझाया कि किस प्रकार नशा युवाओं एवं समाज को प्रभावित कर रहा है और इससे दूर रहना क्यांे आवश्यक है।
इस अवसर पर लगभग 70 से 80 लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त होती है और योजनाओं लाभ उठाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बड़गांव के प्रधान मंगल ठाकुर, उपप्रधान ओम प्रकाश व पूर्व प्रधान शांति देवी, महिला मंडल प्रधान रजनी देवी, वार्ड सदस्य कमलेश कुमारी, राम लाल तथा ग्राम पंचायत बल्हसीणा के प्रधान रजनी देवी, दौलत राम, निशा देवी, पूनम, रज्जो के अतिरिक्त अन्य लोग उपस्थित रहे।
======================================================
जन जागरूकता अभियान का दूसरा चरण शुरू
हरोली के जोडियां और जननी में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटक से दी सरकारी योजनाओं की जानकारी

ऊना, 14 जुलाई। हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के पात्र परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए स्वर्ण जयंती आश्रय योजना के तहत 1.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान कर रही है। यह सहायता उन्हीं लोगों को दी जाती है जिनके नाम पर भूमि पंजीकृत हो और जिनकी वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक न हो। लाभार्थियों को अपने आवेदन तहसील कल्याण अधिकारी के कार्यालय में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करवाने होते हैं।
यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्यदल पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा ने दी। नाट्य दल ने आज (मंगलवार) से शुरू हुए जागरूकता अभियान के दूसरे चरण में हरोली उपमंडल के तहत जोडियां और जननी गांवों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया।
कलाकारों ने बताया कि स्वर्ण जयंती आश्रय योजना उन गरीब परिवारों के सपनों को साकार कर रही है, जिनके पास खुद की जमीन तो है, लेकिन सीमित संसाधनों के कारण वे पक्का मकान नहीं बना पाते।
इसके साथ ही ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना और नशा निवारण जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई। कलाकारों ने नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए लोगों से नशे से दूर रहने और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम चला रही है। इन्हें गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए सांस्कृतिक दलों के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया है।
आगामी जन जागरूकता कार्यक्रमों का शेडयूल
पूर्वी कलां मंच जलग्रां टब्बा द्वारा 15 जुलाई को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर कुठारबीत की प्रधान कांता देवी, पोलियांबीत की प्रधान मनजीत कौर, उप प्रधान पोलियां बीत लवली कुमार, उप प्रधान कुठारबीत रवि कुमार, वार्ड पंच अमरजीत कौर, बलबीर सिंह, गुरपाल कौर, पूनम, आशा देवी, राज कुमार सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।