आम लोगों का उत्थान है प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : सुनील शर्मा बिट्टू
राजनीतिक सलाहकार ने ग्राम पंचायत साहनवीं में सुनीं जनसमस्याएं

हमीरपुर 13 जुलाई। राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की प्राथमिकता आम लोगों का उत्थान सुनिश्चित करना तथा हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। इस दिशा में मुख्यमंत्री ने कई सराहनीय योजनाएं आरंभ की हैं तथा हिमाचल के हितों की रक्षा के लिए कड़े निर्णय लिए हैं।
सोमवार को ग्राम पंचायत साहनवीं में स्थानीय लोगों की समस्याओं की सुनवाई के दौरान सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना, प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए अलग से उच्च दाम निर्धारित करने और दूध के दामों में रिकॉर्ड वृद्धि सहित कई ऐसी कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं, जिनका सीधा लाभ आम लोगों को हो रहा है। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि हिमाचल को आत्मनिर्भर राज्य बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने दृढ़ निर्णय लिए हैं तथा विभिन्न बिजली प्रोजेक्टों से प्रदेश को अरबों रुपये का राजस्व प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त किया है। इससे हिमाचल प्रदेश आने वाले समय में एक आत्मनिर्भर एवं समृद्ध राज्य बनकर उभरेगा।
जिला हमीरपुर के विकास की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्रत्येक हमीरपुरवासी के लिए यह गौरव की बात है कि मुख्यमंत्री इसी जिला से संबंध रखते हैं और इस जिला के लिए उन्होंने कई बड़ी परियोजनाएं स्वीकृत की हैं, जिनके कार्य युद्ध स्तर पर करवाए जा रहे हैं। हमीरपुर में कई विभागों, बोर्डों एवं निगमों के राज्य स्तरीय कार्यालय भी स्थापित किए गए हैं।
इस अवसर पर पंचायतवासियों ने समस्याएं एवं मांगें सुनील शर्मा बिट्टू के समक्ष रखीं। उन्होंने इन जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम के दौरान एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, ब्लॉक अध्यक्ष सुनील कुमार, अन्य नेता, स्थानीय निवासी जुगल किशोर, मेहरद्दीन, ओपी भारद्वाज, स्वतंत्र देवी, साक्षी, विद्यासागर, सन्नी खान, रोहित कटोच, प्रीतम सिंह, फिरदौस, सुनील रनौत और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

===========================================

जिला हमीरपुर के सबसे बड़े क्लस्टर के बागवानों को बांटे 6536 पौधे

भोरंज 13 जुलाई। उद्यान विभाग की महत्वाकांक्षी एचपीशिवा परियोजना के अंतर्गत विकास खंड भोरंज में समकरी क्लस्टर विकसित किया गया है। लगभग 23 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला यह क्लस्टर जिला हमीरपुर का सबसे बड़ा क्लस्टर है। क्लस्टर में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेन डिलीवरी टैंक, मॉड्यूलर टैंक तथा पंप हाउस के माध्यम से बागवानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
इस क्लस्टर के लाभार्थी बागवानों को सोमवार को अमरूद की रेड डायमंड एवं श्वेता किस्म के कुल 6536 पौधे वितरित किए गए। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों ने बागवानों को वैज्ञानिक विधि से पौधारोपण, पौधों की उचित देखभाल तथा सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पौधों के वितरण के दौरान उद्यान विभाग के एसएमएस डॉ. अमित कुमार, उद्यान विकास अधिकारी डॉ. ज्योति देवी, डॉ. विपिन कुमार, सहायक उद्यान विकास अधिकारी दुनी चंद, फैसिलिटेटर और फील्ड ऑपरेटर उपस्थित रहे। डॉ. अमित कुमार ने कहा कि एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से समकरी क्लस्टर में उच्च गुणवत्ता वाले फल उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बागवानों की आय में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में बागवानी गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी।