बिलासपुर, 13 जुलाई: हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पंहुचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत जिला बिलासपुर की श्री नैना देवी जी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घवांडल तथा ग्राम पंचायत खरकडी में लोगों को जागरूक किया गया।
विभाग द्वारा अनुमोदित सांस्कृतिक दल जन चेतना कला मंच झण्डुता के प्रधान मछेन्द्र भारती की अगुवाई में दल के अन्य कलाकारों ने लोकगीतों और नुक्कड नाटकों की प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा, रोज़गार, गृह अनुदान योजना व स्वास्थ्य योजनाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण तथा अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी सरल और मनोरंजक ढंग से ग्रामवासियों तक पंहुचाई। इसके अतिरिक्त कलाकारों ने नशामुक्ति का संदेश भी दिया और समझाया कि किस प्रकार नशा युवाओं एवं समाज को प्रभावित कर रहा है और इससे दूर रहना क्यांे आवश्यक है।
कलाकारों ने लोगों का मनोरंजन करते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम द्वारा संचालित योजनाओं में अनुसूचित जाति से सम्बन्ध रखने वाले 18-55 आयु वर्ग के लोगों को, जिनकी वार्षिक आय 3 लाख रुपये तक हो उन्हें व्यवसाय हेतु 50 हजार से 1.40 लाख रुपये तक का ऋण 6.50 प्रतिशत ब्याज दर पर तथा 50 लाख रुपये तक का ऋण 8 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाया जाता है।
इस अवसर पर लगभग 50 से 60 लोगों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी सरलता से प्राप्त होती है और योजनाओं लाभ उठाने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खरकडी की प्रधान कांता देवी, वार्ड सदस्य बक्शो देवी, दौलत राम, मीरा देवी, राकेश, पानो देवी, अभिषेक तथा ग्राम पंचायत घवांडल की प्रधान कल्पना, वीरी सिंह, वंदना देवी, रानी, चमन लाल, अजय शर्मा तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।