चंबा, 09 जुलाई-सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में विशेष प्रचार अभियान के अंतर्गत आर्यन कला मंच उदयपुर द्वारा आज विधानसभा क्षेत्र चुराह के तीसा और भजराडू, आर्ट एंड कल्चर ग्रुप सराहन के कलाकारों द्वारा भटियात विधानसभा क्षेत्र के समोट और टुंडी तथा मां सरस्वती म्यूजिकल ग्रुप लेच के कलाकारों द्वारा भरमौर विधानसभा क्षेत्र के हॉली और गरोला में कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

कलाकारों ने गीत, संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ विभिन्न योजनाओं, अन्य जनकल्याणकारी नीतियों तथा नशा निवारण संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाई।
इस दौरान कलाकारों ने अनुसूचित जाति के कल्याण एवं विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे स्वरोजगार योजना, हिमस्वावलम्बन योजना, शिक्षा ऋण योजना, विशेष प्रशिक्षण योजना, लघु विक्रय केन्द्र योजना, हस्तशिल्प विकास योजना, आवास संबंधी योजनाएं, शिक्षा एवं छात्रवृत्ति योजनाएं तथा मुख्यमंत्री आदर्श ग्राम योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही नुक्कड़ नाटकों की प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नशा निवारण, नशे के दुष्प्रभावों तथा समाज पर पड़ने वाले इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का आह्वान किया गया।