*कन्या भ्रूण हत्या एक गंभीर सामाजिक अपराध : डॉ. दिनेश ठाकुर*

मंडी, 8 जुलाई-मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मंडी डॉ. दिनेश ठाकुर ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के उद्देश्यों और बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा तथा सशक्तिकरण के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
वे बुधवार को मंडी में बाल विकास परियोजना, मंडी-सदर द्वारा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत विकास खंड सदर के पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला की अध्यक्षता कर रहे थे। कार्यशाला में पंचायत प्रधान, उपप्रधान तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग की ओर से थाना प्रभारी, पुलिस थाना मंडी ने पीसीपीएनडीटी अधिनियम के उल्लंघन से संबंधित कानूनी प्रावधानों, दंडात्मक कार्रवाई तथा नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नशामुक्ति अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा ग्राम स्तर पर गठित युवा एवं महिला समितियों को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
बाल विकास परियोजना अधिकारी जितेंद्र सैनी ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुँच सके।
उन्होंने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों पर भी विस्तार से जानकारी दी और कहा कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ कानूनन दंडनीय अपराध है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपने क्षेत्रों में बाल विवाह की किसी भी संभावित घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
=========================================
*सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों को सुलह एवं मध्यस्थता से निपटाने का सुनहरा अवसर गूगल फॉर्म के माध्यम से अब 31 जुलाई, 2026 तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन*
*मंडी 8जुलाई 2026।*जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी के सचिव विवेक कायस्थ ने जानकारी देते हुए बताया कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों के लिए आपसी सुलह एवं मध्यस्थता के माध्यम से विवादों के समाधान हेतु ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 तक बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि यह एक सुनहरा अवसर है। 21, 22 एवं 23 अगस्त, 2026 को सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालतों के माध्यम से लंबित मामलों का आपसी सहमति एवं मध्यस्थता से निपटारा किया जाएगा।
इस विशेष अभियान में शामिल होने के लिए सर्वोच्च न्यायालय द्वारा एक सरल गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है। इच्छुक पक्षकार 31 जुलाई, 2026 तक गूगल फॉर्म भरकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं।
अधिक जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन हेतु इच्छुक पक्षकार सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट https://sci.gov.in पर उपलब्ध लिंक का उपयोग कर सकते हैं। साथ ही, किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
=============================================
*अनुसूचित जाति वर्ग के इच्छुक मत्स्य पालकों के लिए सुनहरा अवसर – 10 टन प्रतिदिन क्षमता के आइस प्लांट की स्थापना हेतु ₹24 लाख तक का अनुदान*
मंडी 8 जुलाई:मत्स्य पालन विभाग, हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत जिला मंडी में अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के पात्र मत्स्य पालकों एवं उद्यमियों के लिए 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाले आधुनिक आइस प्लांट की स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत पात्र लाभार्थियों को कुल परियोजना लागत का 60 प्रतिशत (अधिकतम ₹24 लाख) तक अनुदान प्रदान किया जाएगा। ये जानकारी सहायक निदेशक मत्स्य मंडी नीतू सिंह ने बताया कि
परियोजना की कुल अनुमानित लागत ₹40 लाख निर्धारित की गई है, जिसमें लगभग ₹20.50 लाख भवन निर्माण तथा ₹19.50 लाख आइस प्लांट मशीनरी पर व्यय किए जाएंगे। शेष राशि का वहन लाभार्थी द्वारा किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत लगभग 10.44 मीटर × 7.39 मीटर क्षेत्रफल में भवन का निर्माण किया जाएगा।
स्थापित किए जाने वाले आइस प्लांट में आधुनिक एवं आवश्यक उपकरण शामिल होंगे, जिनमें ब्राइन टैंक (सभी आवश्यक फिटिंग सहित), 50 स्टेनलेस स्टील आइस कैन, कूलिंग यूनिट तथा आइस क्रशिंग मशीन प्रमुख हैं।
यह आइस प्लांट मत्स्य उत्पादों के संरक्षण, भंडारण एवं परिवहन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। इसके स्थापित होने से जिले में मत्स्य व्यवसाय को नई गति मिलेगी, गुणवत्तापूर्ण बर्फ की उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा मत्स्य पालकों की आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
योजना का लाभ लेने के इच्छुक अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र एवं आर्थिक रूप से सक्षम मत्स्य पालक/उद्यमी आवश्यक दस्तावेज, जैसे भूमि संबंधी अभिलेख, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, आवेदन पत्र तथा जाति प्रमाण पत्र आदि के साथ कार्यालय सहायक निदेशक, मत्स्य, मत्स्य मंडल, मंडी में संपर्क कर सकते हैं। जिन आवेदकों के पास स्वयं की भूमि उपलब्ध नहीं है, उनके लिए कम से कम 10 वर्ष की पंजीकृत लीज पर भूमि होना आवश्यक है।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक लाभार्थी कार्यालय समय में अपने निकटतम मत्स्य कार्यालय अथवा कार्यालय सहायक निदेशक, मत्स्य, मत्स्य मंडल, मंडी से संपर्क कर सकते हैं।
मत्स्य पालन विभाग ने अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र मत्स्य पालकों से इस लाभकारी योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया है, ताकि जिले में आधुनिक मत्स्य अवसंरचना का विकास हो तथा मत्स्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
===================

शिक्षा ऋण योजना में डेढ़ लाख रूपये तक ऋण का प्रावधान, डंगोह खास और गोंदपुर बनेहड़ा अप्परला के ग्रामीण किए जागरूक
ऊना, 8 जुलाई। हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित युवाओं को मैट्रिक के बाद तकनीकी विषयों और व्यवसायों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए शिक्षा ऋण योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इस योजना के अंतर्गत 75 हजार रूपये तक का ऋण ब्याज मुक्त और 75 हजार से 1.5 लाख रूपये तक का ऋण 4 से 5 प्रतिशत वार्षिक दर पर उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। योजना के अन्तर्गत आवेदक छात्र के माता-पिता व अभिभावक भी सह-ऋणी होते हैं। यह ऋण केवल उन्हीं परिवारों के छात्रों/छात्राओं को प्रदान किए जाते हैं जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख से कम है। इस योजना में डिप्लोमा तथा डिग्री कोर्सिज जैसे जेबीटी, एमबीबीएस, इंजिनियरिंग, एक वर्षीय होटल मैनेजमैंट, एमबीए, जीएएमएस, एमएस, नर्सिग आदि के लिए ऋण देने की सुविधा का भी प्रावधान है। इसके साथ ही ऋण की वसूली कोर्स पूर्ण होने के दो वर्ष बाद अथवा नौकरी मिलने पर, जो पहले हो, से शुरू हो जाती है।
यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्यदल आर.के. कलामंच चिंतपूर्णी ने बुधवार को पहले चरण के तीसरे दिन गगरेट उपमंडल के डंगोह खास और गोंदपुर बनेहड़ा अप्परला गांवों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए दी। कलाकारों ने बताया कि शिक्षा ऋण योजना आर्थिक रूप से एससी व एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने में मदद करती है।
उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा कलाकारों ने विशेष रूप से नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
आगामी कार्यक्रमों का शेड्यूल
इसी कड़ी में 9 जुलाई को कैलाश नगर और गगरेट अप्पर तथा 10 जुलाई को बंगाणा के मोउखास और सकोहान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर डंगोह खास के प्रधान हरपाल सिंह, गोंदपुर बनेहड़ा की प्रधान रेखा रानी, उप प्रधान डंगोह खास भगवान दास, उप प्रधान गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर जीवन कुमार, सचिव नीरज चौहान और मोनिका कौर सहित पंचायतों के वार्ड सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
=============================================
सहायक आयुक्त ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान में जनजागरूकता बढ़ाने पर दिया बल
ऊना, 8 जुलाई. सहायक आयुक्त विनय मोदी ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में अभियान के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए लोगों तक इसकी सही एवं वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना आवश्यक है।
बुधवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित एचपीवी टीकाकरण अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए यह टीकाकरण अभियान देशभर में चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत 14 से 15 आयु वर्ग की बालिकाओं का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि खंड चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इस टीकाकरण के महत्व से अवगत कराया जाए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक सरकारी एवं निजी विद्यालय में एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक माह आयोजित होने वाली अभिभावक-अध्यापक बैठकों में एचपीवी टीकाकरण के संबंध में अभिभावकों को जागरूक करने तथा संबंधित क्षेत्रों की महिला जिला परिषद सदस्यों, पंचायत समिति सदस्यों एवं पंचायत प्रधानों को भी इन बैठकों में आमंत्रित करने को कहा, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से भी अभियान का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया जा सके।
सहायक आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों, रोटरी क्लब ऊना, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
इससे पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा ने जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक की गई गतिविधियों एवं प्रगति की जानकारी दी।
बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. ऋचा कालिया, जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, जिला युवा अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला श्रम अधिकारी अक्षय शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=================================================
जवाहर नवोदय विद्यालय पेखुबेला में कक्षा छठी प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन आमंत्रित

31 जुलाई तक ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन


ऊना, 8 जुलाई। जिला ऊना में स्थित आवासीय पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पेखुबेला में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली चयन परीक्षा के लिए पात्र विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

विद्यालय के प्राचार्य राज कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए वही विद्यार्थी पात्र होंगे जिनका जन्म 1 मई, 2015 से पहले तथा 31 जुलाई, 2017 के बाद ना हुआ हो। साथ ही अभ्यर्थी वर्तमान शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिला ऊना के किसी मान्यता प्राप्त सरकारी अथवा गैर-सरकारी विद्यालय में कक्षा पांचवीं का नियमित विद्यार्थी हो तथा जिला ऊना का वास्तविक निवासी (बोनाफाइड) हो।

उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन है। इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक निर्धारित 31 जुलाई अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

प्रवेश परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी एवं ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://navodaya.gov.in ya तथा पंजीकरण पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/index/Registration पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं अन्य जानकारी के लिए अभ्यर्थी
79736215008, 9797622247 एवं 9816096188 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

-