जिला मुख्यालय चंबा में मनाया जाएगा जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह,

शहरी एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्मानी करेंगे समारोह की अध्यक्षता

चंबा 8 अप्रैल 2026जिला मुख्यालय चंबा में 79 बां जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता टीसीपी, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्मानी करेंगे। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज यहां दी। उन्होंने बताया कि
15 अप्रैल को प्रातः 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड के जवानों के अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों की टुकड़ियों द्वारा भव्य मार्च पास्ट किया जाएगा। समारोह में जवाहर नवोदय विद्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान चम्बा, डाइट तथा स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा विभिन्न संस्थाओं व संगठनों के प्रतिनिधियों को भी समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी क्षेत्रवासियों से ऐतिहासिक चौगान में मनाए जा रहे जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होने की अपील की है।

==========================================

भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
चम्बा, 08 अप्रैल -भारती एयरटेल फाउंडेशन एवं समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में लाइफ स्किल्स अंडर माइंडफुलनेस विषय पर दो दिवसीय रिसोर्स टीम के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के समापन सत्र की अध्यक्षता सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह ने की। इस दौरान सहायक आयुक्त ने कहा कि जीवन में कौशल शिक्षा विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का बेहतर सामना कर सकें।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में कक्षा छठी से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए जीवन कौशल आधारित शिक्षा को प्रभावी रूप से लागू करना है।
क्षेत्रीय प्रमुख, भारती एयरटेल फाउंडेशन परवीन चौधरी ने कहा कि लाइफ स्किल्स अंडर माइंडफुलनेस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा उद्देश्य दैनिक शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में आवश्यक जीवन कौशलों को शामिल करना है। शिक्षकों को उचित उपकरणों और दृष्टिकोणों से सशक्त बनाकर यह पहल विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में कार्य करती है।
इस अवसर पर शिक्षा विभाग एवं भारती एयरटेल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार साझा किए तथा बताया कि यह पहल विद्यार्थियों में भावनात्मक जागरूकता, आलोचनात्मक सोच एवं आत्म-नियंत्रण जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं के विकास में सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान को अपने-अपने विद्यालयों में लागू करने हेतु प्रेरित किया गया, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।
इस अवसर पर उपनिदेशक विकास महाजन, ओऐसडी उमाकांत सहित भारती एयरटेल फाउंडेशन के विभिन्न पदाधिकारी शामिल रहे