हमीरपुर 21 मार्च। कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा हिमाचल प्रदेश विधानसभा में पेश किए गए बजट का स्वागत करते हुए इसे एक बहुत ही बेहतरीन एवं ऐतिहासिक बजट बताया है।
अजय शर्मा ने बताया कि इस बजट में मुख्यमंत्री ने आम जन के हित और प्रदेश के चहुमुखी विकास के लिए जहां कई सराहनीय घोषणाएं की हैं, वहीं विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी द्वारा दी गई सभी दस गारंटियों को मात्र सवा तीन साल में ही पूरा करने की दिशा में बहुत बड़ा कदम बढ़ाया है।
प्राकृतिक खेती से तैयार की जाने वाली गेहूं की फसल के समर्थन मूल्य को 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्की के मूल्य को 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम और कच्ची हल्दी के समर्थन मूल्य को 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम करके किसानों को बहुत बड़ी सौगात दी है। अदरक के लिए भी 30 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है।
अजय शर्मा ने कहा कि गाय के दूध के मूल्य को भी 51 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध के मूल्य को 61 रुपये से 71 रुपये प्रति लीटर करके मुख्यमंत्री ने पशुपालकों को भी बहुत बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री ने पोल्ट्री, मछुआरों और गद्दी समुदाय के लिए भी नई योजनाओं की घोषणा करके प्रदेश की ग्रामीण आर्थिकी को मजबूत करने तथा किसानों, बागवानों, पशुपालकों एवं इनसे संबंधित अन्य सभी क्षेत्रों को विशेष रूप से बल देने के लिए बजट में बहुत ही सराहनीय प्रावधान किए हैं।
एक लाख महिलाओं को हर माह 1500 रुपये की राशि देने, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करने और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की घोषणाओं से मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी की सभी गारंटियों को पूरा करने की दिशा में बहुत बड़ा कदम उठाया है। युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन के साथ-साथ महिलाओं, श्रमिकों और समाज के अन्य जरुरतमंद वर्गों के लिए भी बजट में सराहनीय घोषणाएं की गई हैं।
अजय शर्मा ने कहा कि जिला हमीरपुर में 25 करोड़ की लागत से एक्वा पार्क बनाने और डेडिकेटड साइंस कालेज की घोषणा भी बजट में की गई है। इस बजट में मुख्यमंत्री ने हर वर्ग का ध्यान रखा है। इसके अलावा चुनौतीपूर्ण आर्थिक हालात में सरकार के खर्चों को कम करने के लिए भी मुख्यमंत्री ने साहसिक निर्णय लिए हैं। अजय शर्मा ने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू का यह चौथा बजट हिमाचल प्रदेश के चहुमुखी विकास और समाज के हर वर्ग के उत्थान की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।