राज्य स्तरीय नलवाडी मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित
बिलासपुर 02 मार्च: आगामी 17 से 23 मार्च तक आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय नलवाडी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में विभिन्न उप समितियों के संयोजकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नलवाड़ी मेले की तैयारियों को लेकर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई तथा गठित विभिन्न उप समितियों के संयोजकों को सभी तैयारियों को समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक को सम्बोधित करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि नलवाडी मेले को व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने शोभायात्रा की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित उप समिति को इस वर्ष व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए जिला के संस्कृति, लोक कला, वाद्ययंत्रों इत्यादि को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए ताकि जिला की लोक संस्कृति को प्रोत्साहित किया जा सके। इसके अतिरिक्त आसपास के जिलों के सांस्कृतिक दलों के शामिल होने की सम्भावनाओं पर कार्य करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने नलवाडी मेले के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेलकूद गतिविधियों, पशु मेला, कुश्तियों के आयोजन को लेकर भी सम्बन्धित संयोजकों के साथ विस्तृत विचार विमर्श किया तथा उचित दिशा निर्देश जारी किए। इसके अतिरिक्त मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम व स्मारिका प्रकाशन इत्यादि को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही संबंधित उप समितियों को समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राजकुमार ने किया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, एसडीएम सदर, डाॅ. राजदीप सिंह सहित विभिन्न मेला आयोजन उप समितियों के संयोजकों ने भाग लिया।
नलवाडी मेले का लोगो डिजाइन करने वाले को मिलेगा 11 हजार रूपये का प्रथम पुरस्कार
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 के लिए आधिकारिक लोगो तैयार करने को डिजाइन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी आगामी 10 मार्च तक हाथ से तैयार किए गए लोगो डिजाइन को जिला लोक सम्पर्क अधिकारी कार्यालय को प्रस्तुत कर सकते है। उन्होंने कहा कि लोगो डिजाइन नलवाड़ी मेले के ऐतिहासिक महत्व, पारंपरिक स्वरूप, सांस्कृतिक झलक, स्थानीय पहचान तथा लोक संस्कृति की गौरवशाली परंपरा को दर्शाने वाला होना चाहिए। साथ ही यह लोगो केवल हाथ के माध्यम से ही तैयार किया होना चाहिए तथा एआई द्वारा तैयार लोगो मान्य नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि सर्वश्रेष्ठ लोगो तैयार करने वाले को बतौर प्रथम पुरस्कार 11 हजार रूपये की इनामी राशि प्रदान की जाएगी तथा इसे मेले का आधिकारिक लोगो भी बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त द्वितीय पुरस्कार 51 सौ, तृतीय पुरस्कार 21 सौ रुपये का रहेगा। साथ ही 10 सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा व्यक्तियों से लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
============================================
सुदर्शना पटियाल की कहानी संग्रह रिसते रिश्ते का उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने किया विमोचन
बिलासपुर, 02 मार्च: जिला बिलासपुर की सेवानिवृत शिक्षिका एवं कहानीकार सुदर्शना पटियाल की कहानी संग्रह पुस्तक रिसते रिश्ते का आज उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने विमोचन किया। उन्होंने इस कहानी संग्रह के लिए लेखिका को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह कहानी संग्रह लोगों को पसंद आएगा।
इस अवसर पर सुदर्शना पटियाल ने बताया कि उनकी पुस्तक रिसते रिश्ते में कहानियों का संग्रह उनके जीवन के अनुभव का एक हिस्सा है। एक महिला की पीड़ा और संवेदनाएं किस प्रकार समाज के आगे मजबूरीवश दम तोड़ती हैं, यह इस पुस्तक में लिखने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर कश्मीर ठाकुर, मधुरिमा कश्यप, मधु पटियाल, नीलिमा शर्मा और रणजीत कुमार आदि मौजूद थे।
=============================================
नलवाड़ी मेला–2026 : वॉइस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता के लिए टॉप 15 प्रतिभागियों का चयन
बिलासपुर, 2 मार्च 2026। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला–2026 के अंतर्गत आयोजित की जा रही “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता के लिए 28 फरवरी को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन, बिलासपुर शहर में ऑडिशन आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रतिभागियों ने अपने सुरों का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर मेला कमेटी द्वारा टॉप 15 प्रतिभागियों का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों में 9 लड़के और 6 लड़कियां शामिल हैं।
चयनित प्रतिभागियों में रजत, अंकितेश, आशुतोष, दिनेश, मुस्कान, वंदना, सौरभ, अनन्या, लता, विशाल, नरेश, अनु, दीक्षांत, सुमित और आंचल के नाम शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों ने ऑडिशन के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
यह जानकारी अध्यक्ष मेला कमेटी एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि चयनित प्रतिभागियों के लिए मेला कमेटी की ओर से 7 और 10 मार्च 2026 को विशेष ग्रूमिंग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में प्रतिभागियों को गायन के क्षेत्र के प्रसिद्ध विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। ग्रूमिंग के अंतिम दिन टॉप 10 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। चयनित टॉप 10 प्रतिभागी 20 और 21 मार्च को आयोजित सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान “वॉइस ऑफ बिलासपुर” प्रतियोगिता में मंच पर अपनी प्रस्तुति देंगे।
प्रतियोगिता में विजेता को मेला कमेटी की ओर से एक लाख रूपए, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रूपए तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपए प्रदान किए जाएंगे।
ऑडिशन प्रक्रिया के दौरान बिलासपुर के प्रसिद्ध गायक गौरव गोंडल, संगीत के प्रोफेसर मनोहर शर्मा तथा जुखाला कॉलेज के संगीत प्रोफेसर डॉ. के.एस. ठाकुर ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई और प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।
नलवाड़ी मेला–2026 के अंतर्गत यह प्रतियोगिता स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जिले के उभरते गायकों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।