घनारी चंगा बस्ती सड़क मार्ग 30 दिनों के लिए रहेगा बंद, ट्रैफिक घनारी- नंगल ज़रियालाँ रोड पर डायवर्ट
ऊना, 17 अक्तूबर। उपमंडल गगरेट के तहत घनारी गांव में चंगा बस्ती (किलोमीटर 0/0 से 2/0) सड़क मार्ग 18 अक्टूबर से 17 नवंबर(30 दिन) तक यातायात के अस्थाई तौर पर बंद रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक वाया घनारी- नंगल ज़रियालाँ रोड पर डायवर्ट रहेगा।
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने इस संबंध में मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 व 116 के तहत आदेश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि यह आदेश संबंधित सड़क मार्ग के आवश्यक निर्माण कार्यों को त्वरित और सुचारू रूप से करने को लेकर जारी किए गए हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद करने को लेकर जनता को सूचित करने और मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए अग्रिम बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
===========================================
स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को करेगी ऊना का दौरा
जिला परिषद हॉल में सुबह 10 बजे होगी बैठक, ऑडिट पैराग्राफ और विभागीय कार्यप्रणाली की होगी समीक्षा
ऊना, 17 अक्टूबर. हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के 22 अक्टूबर को प्रस्तावित ऊना दौरे की तैयारियों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त इशांत जसवाल ने शनिवार को डीआरडीए बैठक कक्ष में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को समिति की समीक्षा के लिए आवश्यक डाटा और रिपोर्ट 19 अक्टूबर को शाम 4:30 बजे तक हार्ड कॉपी और सॉफ्ट कॉपी में उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीसी ने अधिकारियों को ऑडिट पैराग्राफ से संबंधित रिपोर्ट निर्धारित फॉन्ट और आकार में तैयार करने तथा सभी आवश्यक विवरण पूर्ण रूप से शामिल करने को कहा।
बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथी पाल सिंह सहित संबधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने बताया है कि विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 22 अक्टूबर को जिला ऊना के प्रवास पर रहेगी। इस दौरान सुबह 10 बजे जिला परिषद हॉल में संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इसमें हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले संस्थानों के ऑडिट पैराग्राफ, पिछले तीन वर्षों की कार्यप्रणाली तथा पंचायती राज एवं शहरी विकास विभाग के अंतर्गत आने वाले निकायों के सीएजी ऑडिट पैराग्राफ की समीक्षा की जाएगी।