SOLAN, दिनांक 17.10.2026-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी को सुदृढ़ करने और मातृ शक्ति को प्रत्यक्ष धन हस्तांतरित कर परिवार एवं समाज को मज़बूत बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास सकारात्मक परिवर्तन के संवाहक बन रहे हैं। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत शहरोल के शीतलाघाटी में निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जन समूह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में 03 लाख प्रदान करने की घोषणा की उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। यह निर्माण कार्य समयबद्ध पूर्ण किया जाएगा।
विधायक ने तदोपरान्त ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संजय अवस्थी ने सभी को नवरात्र की बधाई देते हुए आशा जताई कि भगवती मां दुर्गा की कृपा से सभी के जीवन में प्रसन्नता और नवीन ऊर्जा का संचार होगा।
उन्होंने इस अवसर पर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत अधोसंरचना में सुधार तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ देश और प्रदेश का भविष्य जुड़ा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में करना चाहिए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के संवेदनशील नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य को 51 रुपए से बढ़ाकर 61 रुपए तथा भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य 61 रुपए से बढ़ाकर 71 रुपए किया गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में इतनी वृद्धि करने वाला पहला राज्य है। उन्होंने कहा कि यह धन प्रत्यक्ष रूप से मातृ शक्ति तक पंहुच रहा है और समग्र आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रहा है।
उन्होंने इस अवसर पर देवधार मंदिर शहरोल में शेड निर्माण कार्य के लिए 2 लाख रुपये, ग्राम पंचायत शहरोल के लिए 25 सोलर लाइट, महिला मण्डल शहरोल व कुइरू के लिए 11-11 हज़ार रुपए, युवक मंडल कुइरू के लिए 11 हज़ार रुपए व आयोजन समिति को 21 हज़ार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र की विभिन्न मांगों को समयबद्ध पूर्ण किया जाएगा।
इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला परिषद सदस्य शशिकांत शर्मा, पंचायत समिति सदस्य परमानन्द वर्धन व कमलेश शर्मा, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत शहरोल की प्रधान नर्वदा, ग्राम पंचायत बसन्तपुर की प्रधान दीपिका, ग्राम पंचायत भूमती के उप प्रधान विनय, ग्राम पंचायत शहरोल के उप प्रधान रामलोक, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के उप प्रधान धनीराम ठाकुर, कृषि उपज विपणन समिति सोलन के निदेशक प्यारेलाल, व्यपार मंडल अर्की के प्रधान अनुज गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक दाड़लाघाट नवीन झालटा, राज्य विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियन्ता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधीशाषी अभियंता कृष्ण कांत चौहान, जल शक्ति विभाग के अधीशाषी अभियंता विवेक कटोच सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा स्थानीय निवासी उपस्थित थेे।