शाहपुर, 16 अक्तूबर:राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चढ़ी में दो दिवसीय 33वीं जिला स्तरीय हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का शुभारंभ शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि किया। इस आयोजन में जिला कांगड़ा के विभिन्न विद्यालयों के करीब 450 विद्यार्थी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया
विधायक श्री पठानिया ने जिला के विभिन्न स्कूलों से आए हुए विद्यार्थियों का शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आने पर उनका स्वागत किया ।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा निखारने और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने में चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस की अहम भूमिका है। विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं और किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन और प्राकृतिक वातावरण का अभिन्न हिस्सा है।
श्री पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जैव विविधता, जल संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, कचरा प्रबंधन और सतत विकास जैसे विषयों पर सीखने और शोध करने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की ज्यादा से ज्यादा सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि एटीसी शाहपुर विज्ञान, नवाचार और विद्यार्थियों की अन्य गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के विकास के लिए 10 लाख रुपये, चढ़ी खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये तथा कार्यक्रम के आयोजन के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।
जिला पर्यवेक्षक मंजू महाजन ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। एटीसी शाहपुर की प्रभारी एवं वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
स्थानीय स्कूल की प्रधानाचार्य ने मुख्यातिथि एवं अन्य आए हुए मेहमानों का कार्यक्रम में आने पर आभार जताया।
दो दिवसीय साइंस कांग्रेस के दौरान विद्यार्थी साइंस एक्टिविटी, साइंस इनोवेटिव मॉडल, क्विज, मैथ ओलंपियाड, साइंस स्किट और साइंस सर्वे रिपोर्ट जैसी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और शोध के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलविंदर गुलेरिया, सहायक निदेशक संजय ठाकुर, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, शमशेर भारती, भाग सिंह पठानिया, नीना पुंज, कुलदीप, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, विजय कंवर, स्थानीय पंचायत प्रधान सुनीत, सुशील शर्मा, नीना ठाकुर, जान्हवी, अनीता, कामना चौधरी, जितेंद्र राणा, सुदेश, रंजना थापा, नरेश शर्मा, रवि कुमार, रीना पठानिया तथा पूर्व प्रधान लालमन सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रवक्ता एवं अध्यापक उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यार्थियों के अभिभावक, जिला कांगड़ा के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थी और स्थानीय विद्यालय के छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।