अवैध खनन पर अंकुश लगाने को सभी विभाग आपसी समन्वय से करें सख्त कार्रवाई: राहुल कुमार
उपायुक्त ने संयुक्त कमेटी गठित कर नियमित औचक निरीक्षण करने के दिए निर्देश, गरामोड़ा के पास स्थापित होगी चेक पोस्ट
अली खड्ड, सीर खड्ड सहित अवैध खनन के हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश
बिलासपुर, 16 अक्तूबर: जिला बिलासपुर में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और खनन गतिविधियों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त राहुल कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस विभाग, खनन विभाग, उद्योग विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सभी उपमंडल अधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि इस वर्ष अब तक अवैध खनन के मामलों में लगभग 160 से अधिक चालान किए जा चुके हैं, जबकि खनन विभाग द्वारा 139 से अधिक चालान किए गए हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर अवैध खनन के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने कहा कि अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
उपायुक्त ने अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त कमेटी गठित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संयुक्त कमेटी नियमित रूप से औचक निरीक्षण करेगी, जिससे अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में जानकारी दी गई कि जिला में खनन के लिए 16 वैध लीज आवंटित की गई हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन से संबंधित किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की जाए तथा अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त ने जिला के सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि गरा मोड़ा के समीप चेक पोस्ट स्थापित की जाएगी, जहां पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों की जांच की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) और पुलिस विभाग को ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर नियमानुसार चालान करने के भी निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर अंकुश लगाया जा सके।
उपायुक्त ने अली खड्ड, सीर खड्ड सहित जिला के सभी चिन्हित अवैध खनन हॉटस्पॉट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण किया जाए और अवैध खनन की गतिविधियां पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला में अवैध खनन को रोकने के लिए विभागीय स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
========================================
रेलवे परियोजना के निर्माण कार्यों में तेजी लाएं अधिकारी, समय सीमा के भीतर पूरा करें कार्य: राहुल कुमार
उपायुक्त ने भानुपली-बिलासपुर रेलवे लाइन के तहत निर्माणाधीन टनल नंबर-16, पुलों और अन्य कार्यों का किया निरीक्षण
बिलासपुर, 16 अक्तूबर: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने शुक्रवार को एसडीएम सदर राजकुमार, आरवीएनएल तथा निर्माण कार्य में जुटी रेलवे कंपनी के अधिकारियों के साथ भानुपली-बिलासपुर रेलवे लाइन परियोजना के तहत भराड़ी टनल नंबर-16 के समीप चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जगतखाना से लेकर बिलासपुर तक रेलवे टनल, पुलों और अन्य संबंधित निर्माण कार्यों की गति अपेक्षाकृत धीमी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।
राहुल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण के साथ-साथ जिन क्षेत्रों में निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इनमें सड़क, रास्ते, पानी की व्यवस्था तथा स्थानीय लोगों की अन्य मांगें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने रेलवे टनल के निर्माण के कारण बंद पड़ी फोरलेन से जबली को जोड़ने वाली सड़क को भी जल्द से जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बंद होने से स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिये।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों और एसडीएम को भूमि अधिग्रहण से संबंधित लंबित मामलों को स्थानीय लोगों के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर शीघ्र निपटाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करने और स्थानीय समस्याओं के समाधान के साथ परियोजना की प्रगति सुनिश्चित करने को भी कहा।