हमीरपुर, 13 अक्टूबर 2026:नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय (एनएससीबीएम), हमीरपुर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय एचपीयू अंतर-महाविद्यालय युवा उत्सव ग्रुप-II (संगीत) का आज भव्य शुभारंभ हुआ। संगीत की सुर लहरियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा प्रतिभाओं की ऊर्जा से महाविद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा। यह युवा उत्सव 13 से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि एर. सुनील शर्मा ‘बिट्टू’, राजनीतिक सलाहकार माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि एर. सुनील शर्मा ‘बिट्टू’ ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लोकतंत्र, अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के युवा ही आने वाले भारत का निर्माण करेंगे। युवाओं ने अपनी जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से यह साबित किया है कि वे केवल पुस्तकों का ज्ञान ही नहीं लेते, बल्कि अपने अधिकारों और कर्तव्यों को भी समझते हैं।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी जी की सोच का उल्लेख करते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर युवाओं को देश निर्माण में भागीदारी का अवसर प्रदान किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि देश, पर्यावरण, शिक्षा, रोजगार और आने वाला भविष्य युवाओं का है, इसलिए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्य अतिथि ने युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि चिट्टा जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ समाज और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा नशे में नहीं बल्कि शिक्षा, खेल, संगीत, रचनात्मक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।
संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ संगीत के स्वरूप में परिवर्तन आता रहता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आधुनिक संगीत को समझने के साथ-साथ अपनी समृद्ध सांस्कृतिक एवं पारंपरिक संगीत विरासत को संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगीत भावनाओं और विचारों की प्रभावी अभिव्यक्ति का माध्यम है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सभी अतिथियों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, प्राध्यापकों एवं उपस्थित जनों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक संगीत और पारंपरिक कलाओं के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोक संगीत हमारी पहचान, इतिहास और जीवन शैली का अभिन्न हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि लोक गीतों में हमारी संस्कृति, प्रकृति, रीति-रिवाजों और पूर्वजों की भावनाएं समाहित हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ने तथा पारंपरिक कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को निखारते हुए संगीत एवं कला के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
प्राचार्या महोदया ने कहा कि युवा उत्सव केवल प्रतियोगिता का मंच नहीं है, बल्कि यह आपसी संवाद, मित्रता और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगीत आत्मा को जोड़ने वाली शक्ति है और ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं।
इस सांस्कृतिक महाकुंभ में प्रदेश के लगभग 40 महाविद्यालयों के 500 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। उत्सव के दौरान विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें शास्त्रीय गायन (एकल), शास्त्रीय वाद्य संगीत, हल्का भारतीय गायन, पाश्चात्य गायन, भारतीय समूह गीत, लोक ऑर्केस्ट्रा, लोक गीत, पाश्चात्य समूह गीत तथा पाश्चात्य वाद्य संगीत प्रमुख हैं।
आयोजन सचिव डॉ. पूनम शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। प्रतिभागी विद्यार्थियों, निर्णायक मंडल और टीमों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, सहयोग और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देगा।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य अतिथियों में एर. नरेश ठाकुर (कन्वीनर-कम-एडवाइजर, एचपी नशा निवारण बोर्ड), श्री अजय शर्मा (अध्यक्ष, एपीएमसी हमीरपुर), श्री सुमन भारती (जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी हमीरपुर), श्री टोनी ठाकुर (प्रदेश अध्यक्ष, एनएसयूआई), श्री चन्दन राणा (ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष), श्री विक्रम शर्मा (निदेशक, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति), श्री प्रवेश ठाकुर (निदेशक, इको-टूरिज्म सोसाइटी), श्री राजेश ठाकुर (निदेशक, एचपीएमसी एवं अध्यक्ष किसान कांग्रेस), श्री नीलम ठाकुर (निदेशक, एचपी फॉरेस्ट कॉरपोरेशन), श्री होशियार सिंह (अध्यक्ष, एससी सेल), श्री राकेश रानी वर्मा (पूर्व पार्षद एवं अध्यक्ष ग्राम पंचायत), श्री पुरसोत्तम कालिया (अध्यक्ष, फ्रीडम फाइटर्स एसोसिएशन), श्री चेतन लखनपाल (अध्यक्ष, जिला एक्स-सर्विसमैन कांग्रेस) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। पांच दिनों तक एनएससीबीएम हमीरपुर परिसर संगीत, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं की प्रस्तुतियों से गूंजता रहेगा।
आज की प्रस्तुति – शास्त्रीय गायन (एकल)
एचपीयू अंतर-महाविद्यालय युवा उत्सव ग्रुप-II (संगीत) के प्रथम दिन शास्त्रीय गायन (एकल) प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागी अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
कुल 12 महाविद्यालयों के प्रतिभागी आज की शास्त्रीय गायन (एकल) प्रतियोगिता में अपनी प्रस्तुतियां देकर अपनी संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
पांच दिवसीय युवा उत्सव के आगामी दिनों में विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विद्यार्थी अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।