16 सितम्बर को महाआरती के साथ होगा डल झील मेले का शुभारम्भ : केवल सिंह पठानिया
मेले की तैयारियों को लेकर उप मुख्य सचेतक ने अधिकारियों के साथ की बैठक
धर्मशाला, 5 सितम्बर। डल झील मेले का शुभारम्भ 16 सितम्बर को महाआरती के साथ किया जाएगा। मेले के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को लघु सचिवालय धर्मशाला के कैबिनेट हॉल में जिला अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में मेले की तैयारियों, विभिन्न व्यवस्थाओं तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जाने वाले कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि डल झील मेला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए मेले से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं 15 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पुख्ता किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्य सचेतक ने कहा कि वर्षों से डल झील स्नान को मणिमहेश स्नान के तुल्य माना जाता है। इसे देखते हुए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्नान की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने झील में महिलाओं की निजता एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष टेंट लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संभावित आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने पर भी बल दिया।
बैठक में मेले के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय सुविधाओं, सड़क एवं पार्किंग व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विभागवार समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी तथा निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया।
बैठक का संचालन एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने किया।
बैठक में हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरभजन सिंह, साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि, प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
=======================================
6 और 7 सितंबर को धर्मशाला में बिजली बंद
धर्मशाला, 5 सितंबर: विद्युत उप-विभाग नं-1 के सहायक कार्यकारी अभियंता अभिषेक कटोच ने जानकारी देते हुए बताया है कि विद्युत लाईनों के जरूरी रख-रखाव हेतु 6 सितंबर को डिपो बाज़ार, अप्पर डिपो बाज़ार के आसपास के क्षेत्रों में तथा 7 सितंबर को आयुर्वेदिक अस्पताल, गरुद्वारा रोड, फोरेंसिक लेब, ईकजोत कालोनी, ईगल वर्कशाॅप, पीडब्ल्यूडी वर्कशाॅप चरान खडड़, गोरखा भवन, सरस्वती नगर, राम नगर, श्याम नगर और महाजन क्लिनिक के आसपास के क्षेत्रों में सुबह 10 बज़े से शाम 5 बजे़ तक विद्युत आपूर्ति पूर्ण रूप से बाधित रहेगी। मौसम खराब होने पर शटडाउन अगले दिन किया जायेगा। उन्होंने लोगो से सहयोग की अपील भी की है।
====================================
शाहपुर कॉलेज में रोजगारपरक शिक्षा के नए द्वार, पांच नए पाठ्यक्रम शुरू
सिहवां में 2.52 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पीएचसी का नया भवन: केवल सिंह पठानिया
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित
शाहपुर, 5 सितंबर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राजकीय महाविद्यालय शाहपुर के 20वें स्थापना दिवस तथा बीबीए, बीसीए, बीवॉक, पीजीडीसीए और फिजिकल एजुकेशन के नए पाठ्यक्रमों के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में 21वें स्थान से पांचवें स्थान पर पहुंचा है।इसमें शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री भी बधाई के पात्र हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सीबीएसई पाठ्यक्रम लेकर आए हैं, जिससे सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की एनरोलमेंट में वृद्धि हुई है।
पठानिया ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में पांच नए पाठ्यक्रम शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को घर के नजदीक ही व्यावसायिक एवं रोजगारपरक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने विश्वविद्यालयों में प्रोफेसर एवं सहायक प्रोफेसर की नियुक्ति को लेकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। साथ ही आठवीं, नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को ऑनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने के लिए देश की एक प्रतिष्ठित संस्था के साथ बातचीत चल रही है।
सिहवां में बनेगा नया पीएचसी भवन
उपमुख्य सचेतक ने कहा कि सिहवां में 2.52 करोड़ रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसका नींव पत्थर रखा जाएगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक सम्मानित
इस अवसर पर उन्होंने महान शिक्षाविद एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान की सराहना की।
शिक्षक दिवस के अवसर पर केवल सिंह पठानिया ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाहपुर क्षेत्र के शिक्षकों को सम्मानित किया।
इससे पूर्व उन्होंने महाविद्यालय परिसर में हैंडपंप का लोकार्पण किया तथा बेहड़े का पौधा रोपित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत ने मुख्यातिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने नए पाठ्यक्रम शुरू करने और हैंडपंप उपलब्ध करवाने के लिए उपमुख्य सचेतक का आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय की 20 वर्षों की उपलब्धियों एवं विकास यात्रा की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के दरीणी में हुए दुखद हादसे में जान गंवाने वाले तीन युवकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
इस अवसर पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, प्राचार्य राकेश पठानिया, प्राचार्य डॉ. संजय, शिक्षाविद् डॉ. गौतम व्यथित, प्रधानाचार्य बलजीत दियोलिया, प्रधानाचार्य शमशेर भारती, प्रधानाचार्य रिशु समयाल, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति कैप्टन अमित डोगरा, प्रधान पिंटू परमार, बलजीत चम्बियाल, प्रदीप बलौरिया, उपप्रधान बिंदु, जिला कांगड़ा कांग्रेस के महासचिव अजय बबली, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, बलि राम, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, कमल कटोच, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग विपुल पुंज, सहायक अभियंता जल शक्ति रज्जाक मोहम्मद, केवल शर्मा, पीटीएफ प्रधान दलजीत पठानिया, राकेश कुमार, आशीष भरमौरिया, मनेन्द्र,महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।