बिलासपुर, 26 अगस्त: उपायुक्त एवं अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर, राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में जूनियर रेड क्रॉस एवं यूथ रेड क्रॉस की संयुक्त समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में रेड क्रॉस की युवा इकाइयों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा युवाओं को समाज सेवा से जोड़ने को लेकर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने सभी पात्र शैक्षणिक, स्वास्थ्य एवं तकनीकी संस्थानों में 2 अक्टूबर 2026 तक जूनियर एवं यूथ रेड क्रॉस इकाइयों के गठन एवं सुदृढ़ीकरण का लक्ष्य पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों और युवाओं को रेड क्रॉस की मानवीय एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर उनमें सेवा, संवेदना, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि जूनियर एवं यूथ रेड क्रॉस से जुड़े युवाओं को रेड क्रॉस के सात मौलिक सिद्धांतोंकृमानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकताकृकी जानकारी देने के साथ इन्हें अपने व्यवहारिक जीवन में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाना चाहिए।
उपायुक्त ने युवाओं को मानव सेवा, नशा-मुक्त बिलासपुर अभियान, वृद्धजनों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता और सामुदायिक सेवा जैसी गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस की सदस्यता केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की शुरुआत है।
उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष, रेड क्रॉस सोसायटी की अध्यक्षता में गठित यूथ एवं जूनियर रेड क्रॉस इकाई को मजबूत करने के लिए सक्रिय सदस्यों एवं स्वयंसेवकों से सहयोग करने तथा अधिक से अधिक जूनियर एवं यूथ रेड क्रॉस इकाइयों को गोद लेकर उनके सुदृढ़ीकरण में योगदान देने का आग्रह किया।
बैठक में सुरेश कुमार नड्डा एवं सुमन चड्ढा को उपाध्यक्ष तथा सुशील पुंडीर, प्रोमिला वसु, पवन संख्यान एवं प्रकाश धीमान को सलाहकार नियुक्त किया गया।
बैठक में भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर और एराइज़, चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में दृष्टिबाधित एवं अस्थि-बाधित दिव्यांगजनों के लिए परामर्श, कौशल विकास और आजीविका सुदृढ़ीकरण आधारित पायलट परियोजना शुरू करने की जानकारी भी दी गई। इस परियोजना के तहत 20 से 30 दिव्यांग प्रतिभागियों को संचार कौशल, डिजिटल एवं सहायक तकनीक, सामुदायिक सहभागिता तथा सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों की क्षमता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देते हुए उन्हें आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।
बैठक में दीपक कुमार स्याल, अध्यक्ष एराइज़ चंडीगढ़, अधिवक्ता अरविंद सिंह, विक्रम श्रीवास्तव, सह-संस्थापक साइबर चक्र व्यू, डॉ. शशि, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, रमेश बंसल, जिला कल्याण अधिकारी, अमित कुमार, सचिव रेड क्रॉस, पलविंदर ठाकुर, जगमोहन नेगी, विद्यासागर, सुमन ठाकुर सहित करीब 70 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
==========================================
28 अगस्त को जिला के सभी सरकारी विभागों, निगमों, बोर्डों तथा शिक्षण संस्थानों में रहेगा अवकाश
बिलासपुर 27 अगस्त: उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार ने कल यानि कि 28 अगस्त को रक्षा बंधन पर्व के उपलक्ष्य पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
उन्होंने बताया कि 28 अगस्त को जिला के सभी सरकारी विभागों, निगमों, बोर्डों तथा शिक्षण संस्थानों में अवकाश रहेगा।