शिमलाः 06.06.26- हरियाणा विधान सभा द्वारा चण्डीगढ़ में 8 से 10 जून, 2026 तक आयोजित किए जाने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन॥ के सम्मेलन में हि० प्र० विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां के साथ 10 विधान सभा सदस्यों का प्रतिनिधि मण्डल भी जा रहा है। यह सभी विधायक सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन में नैना देवी के विधायक रणधीर शर्मा, ज्वालमुखी के विधायक संजय रत्न, सुन्दरनगर के विधायक राकेश जम्वाल, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, चम्बा के विधायक नीरज नैय्यर, उप-मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानियां, चिन्तपूर्णी के विधायक सुदर्शन कुमार बबलू, शिमला के विधायक हरीश जनार्था, देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर तथा लाहौल- स्पिति की विधायक कुमारी अनुराधा राणा शामिल होंगी।

गौरतलब है कि सम्मेलन का शुभारम्भ हरियाणा विधान मण्डल के सभागार में 8 जून, 2026 को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा अपराह्न 3:00 बजे किया जाएगा जिसमें जोन-॥ के पाँच राज्यों के पीठासीन अधिकारी, विशेष रूप से अन्य राज्यों के आमंत्रित पीठासीन अधिकारी, हि०प्र० विधान सभा के दस सदस्यगण, हरियाणा विधान सभा के सदस्यगण तथा दिल्ली, पंजाब, जम्मू एवं कश्मीर से आमंत्रित विधान सभा सदस्य भी शामिल होंगे। सम्मेलन के शुभारम्भ अवसर पर राज्य सभा उप-सभापति हरिवंश तथा हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह सैणी अपना सम्बोधन देंगे जबकि हरियाणा के संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा अपना धन्यवाद सम्बोधन देंगे।

विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 9 जून, 2026 को होटल दी ललित आई० टी० पार्क चण्डीगढ़ में आयोजित होने वाले तीन पूर्ण सत्रों के दौरान "विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका" विषय पर अपना सम्बोधन देंगे। सभी प्रतिनिधि 7 जून, 2026 को चण्डीगढ़ पहुँचेंगे। विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी इस सम्मेलन में भाग लेने चण्डीगढ़ जाएंगे।