शिमला: 05.06.26- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 8 से 10 जून, 2026 तक हरियाणा विधान सभा द्वारा चण्डीगढ़ विधान मण्डल भवन में आयोजित होने वाले राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन भारत क्षेत्र जोन -॥ में भाग लेने शनिवार 7 जून, 2026 को अपराह्न 4:00 बजे सड़क मार्ग द्वारा शिमला से चण्डीगढ़ के लिए प्रस्थान करेंगे। गौरतलब है कि जोन -॥ में दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर तथा पँजाब राज्य शामिल हैं। राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन जोन-॥ के हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण चेयरमैन हैं जबकि इससे पूर्व हि0प्र0 विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां इसके चेयरमैन थे।

इस सम्मेलन में जहाँ पाँच राज्यों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं वहीं कई प्रमुख राज्य विधान मण्डलों के पीठासीन अधिकारियों को भी इसमें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन का शुभारम्भ करने के लिए राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला विशेष रूप से शामिल होंगे जबकि हरियाणा के मुख्य मंत्री नायब सिंह तथा राज्य सभा के उप-सभापति डॉ0 हरिवंश सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे। हरियाणा के राज्यपाल प्रो0 अशीम कुमार घोष सम्मेलन के समापन के मुख्य अतिथि होंगे।

सम्मेलन के दौरान “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर गहन मन्थन किया जाएगा। 8 जून,2026 को लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला सम्मेलन का शुभारम्भ करेंगे जिसमें पाँच राज्यों के पीठासीन अधिकारियों के अलावा विशेष रूप से आमंत्रित पीठासीन अधिकारी भी भाग लेंगे जबकि 9 जून, 2026 को “दी ललित होटल” आई0 टी0 पार्क चण्डीगढ़ में “विकसित भारत 2047: राष्ट्रीय लक्ष्य को पाने में जागरूक नागरिक, समाज और युवा विधायकों की भूमिका” विषय पर गहन एवं विस्तृत चर्चा हेतु तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 9 जून,2026 को सम्मेलन को सम्बोधित करेंगे तथा इस विषय पर अपने विचारों को सांझा करेंगे। विधान सभा अध्यक्ष के साथ सचिव यशपाल शर्मा भी सम्मेलन में भाग लेने चण्डीगढ़ जाएंगे।