बिलासपुर, 30 मई: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं विकास खंड के अंतर्गत अपनी गृह पंचायत पनौल के मतदान केंद्र में धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी के साथ पंचायतीराज संस्थाओं के अंतिम चरण के चुनाव में मतदान किया।
इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र के इस महान पर्व की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी की भागीदारी से ही हमारा लोकतांत्रिक ढांचा अधिक सशक्त एवं मजबूत बनता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का यह पर्व प्रत्येक नागरिक को यह अधिकार प्रदान करता है कि वह पंचायतीराज संस्थाओं से लेकर विधानसभा और लोकसभा तक अपने प्रतिनिधियों का चयन कर सके। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज संस्थाओं के लिए प्रतिनिधियों का चयन अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पंचायतीराज व्यवस्था आम नागरिकों के सबसे निकट उपलब्ध शासन व्यवस्था है।
राजेश धर्माणी ने युवा मतदाताओं से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि वे ऐसे उम्मीदवारों का चयन करें जो जनता के प्रति समर्पित हों, जिनकी स्पष्ट सोच हो तथा जो अपने विजन को धरातल पर उतारने की क्षमता रखते हों। उन्होंने कहा कि युवा ही बदलाव के वाहक होते हैं। प्रदेश को आत्मनिर्भर तथा भारत को विकसित राष्ट्र बनाने और समाज में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए युवाओं को अपने घर के निकट सरकार की महत्वपूर्ण इकाई पंचायतीराज संस्थाओं के साथ-साथ विधानसभा एवं लोकसभा के लिए भी योग्य उम्मीदवारों का चयन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना बेहतर जनप्रतिनिधि होगा, उतनी ही बेहतर प्रशासनिक एवं विकासात्मक व्यवस्था सुनिश्चित होगी।
उन्होंने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के माध्यम से चुने जाने वाले सभी प्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों एवं जनहित की भावना को केंद्र में रखकर कार्य करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जो उम्मीदवार इस चुनाव में सफल नहीं हो पाए हैं, वे भी समाज और देश के बेहतर उत्थान के लिए आगे भी सक्रिय रूप से कार्य करते रहें।