जिला में पंचायती राज चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए 3813 अधिकारी एवं कर्मचारी होंगे तैनात : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चम्बा, 18 मई-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला चम्बा में 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में होने वाले पंचायती राज चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए विभिन्न विकास खंडों में कुल 3813 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए सेक्टर अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, सहायक पीठासीन अधिकारी तथा मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड भरमौर में 464, भटियात में 766, चम्बा में 536, मैहला में 521, पांगी में 295, सलूणी में 632 तथा तीसा में 599 कर्मचारियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि जिला भर में चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए कुल 57 सेक्टर अधिकारी, 396 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 824 पीठासीन अधिकारी तथा 2536 मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।
===============================
जिला में 411 पंचायत प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित
4 प्रधान, 7 उप प्रधान सहित 400 पंचायत सदस्य चुने गए निर्विरोध
चंबा, मई 18-उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के अंतर्गत जिला में 4 प्रधान, 7 उप प्रधान तथा 400 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विकास खंड भरमौर में 1 प्रधान, (ग्राम पंचायत तुंदाह) 2 उप प्रधान (ग्राम पंचायत नयाग्रां और गरौंडा) तथा 45 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विकास खंड भटियात में 96 पंचायत सदस्य, विकास खंड चंबा में 1 उप प्रधान (ग्राम पंचायत चीलबंगला) तथा 57 पंचायत सदस्य, विकास खंड मैहला में 2 प्रधान (ग्राम पंचायत फागड़ी और भटवाडा) , 2 उप प्रधान (ग्राम पंचायत कुठेड़ और बसौदन) तथा 67 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
इसी प्रकार विकास खंड पांगी में 21 पंचायत सदस्य, विकास खंड सलूणी में 1 प्रधान, 1 उप प्रधान तथा 61 पंचायत सदस्य और विकास खंड तीसा में 1 उप प्रधान ग्राम पंचायत दियोला तथा 53 पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
उपायुक्त ने यह भी जानकारी दी कि विकास खंड सलूणी की ग्राम पंचायत करवाल में प्रधान, उप प्रधान एवं समस्त पंचायत सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
=================================
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 की तैयारियों को लेकर निर्वाचन पूर्वाभ्यास आयोजित
पूर्वाभ्यास में 533 मतदान कर्मी हुए शामिल
चम्बा, 18 मई-पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज विकास खंड चम्बा में निर्वाचन पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। यह पूर्वाभ्यास राजकीय महाविद्यालय चम्बा के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें निर्वाचन ड्यूटी में तैनात मतदान कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण एवं दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पूर्वाभ्यास के दौरान कुल 533 मतदान कर्मियों ने भाग लिया, जिनमें 131 पीठासीन अधिकारी तथा 402 मतदान अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी(ना) चम्बा प्रियांशु खाती, निर्वाचन अधिकारी (पं) व खंड विकास अधिकारी महेश चंद, पंचायत इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह व प्रवक्ता कंप्यूटर साइंस डाइट सरु इमरान द्वारा मतदान कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान मतदान कर्मियों को बैलेट पेपर आधारित निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान सामग्री के उपयोग, मतदाता पहचान, मतपेटियों के संचालन तथा मतदान केंद्रों पर अपनाई जाने वाली व्यवस्थाओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान करने के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया गया।