उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में एसडीएमएफ के उपयोग बारे समीक्षा बैठक आयोजित
चंबा, 27 मार्च-राज्य आपदा प्रबंधन फंड के उपयोग बारे जिला मुख्यालय चंबा में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष व उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। बैठक में राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (एसडीएमएफ) के अंतर्गत विभिन्न विभागों के लिए स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने विभागों से संबंधित कार्यों व परियोजनाओं के उपयोगिता प्रमाणपत्र जल्द उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन कार्यों में टेंडर प्रक्रिया के दौरान शून्य भागीदारी रही ऐसे लंबित कार्यों को निरस्त करते हुए संबंधित विभाग आवश्यक आगामी कार्यवाही सुनिश्चित करें।
बैठक में एसडीएमएफ से संबंधित निर्माण कार्यों को पूरा करने में आ रही कठिनाईओं व उनके समाधान बारे भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण /राष्ट्रीय राजमार्ग चम्बा जोगिंदर कुमार, सहायक अभियंता जल शक्ति दीपक कुमार, सहायक अभियंता लोक निर्माण वीरेंदर ठाकुर, सहायक अभियंता लोक निर्माण सलूणी हिमांशु वर्मा, सहायक अभियंता समग्र शिक्षा(डाइट) दीपक शर्मा, अधीक्षक शिक्षा विभाग ललित शर्मा के अलावा जिला के विभिन्न हिस्सों से लोनिवि तथा जल शक्ति विभाग के अधिकारी वर्चुअली मौजूद थे।