ऊना, 27 सितंबर. प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री जयंती समारोह का आयोजन 29 सितंबर को प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय, हरोली के परिसर में किया जाएगा। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन द्वारा आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे आरंभ होगा। समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान की प्रस्तुति रहेगी।
समारोह में प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के जीवन, शिक्षा, शोध एवं सामाजिक सरोकारों में उनके योगदान को स्मरण किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न नाट्य दलों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
गौरतलब है कि 29 सितंबर, 1968 को मंडी में जन्मीं प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री ने शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की धर्मपत्नी प्रो. सिम्मी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के लोक प्रशासन विभाग में वरिष्ठ प्रोफेसर के रूप में उन्होंने अध्यापन, शोध एवं विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया। जनजातीय सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, स्थानीय शासन, मानव संसाधन विकास और ग्रामीण रोजगार जैसे विषयों पर उनका शोध कार्य समाजोपयोगी दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है।
प्रो. अग्निहोत्री ने अपने अकादमिक जीवन में अनेक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शोध एवं अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई। शिक्षा के साथ-साथ उनकी कला, संस्कृति, संगीत और साहित्य में भी गहरी रुचि थी।
प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का 9 फरवरी, 2024 को निधन हो गया। उनका जीवन शिक्षा, शोध, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और समाज के प्रति संवेदनशील सोच को समर्पित रहा। उनके नाम पर स्थापित महाविद्यालय उनके शैक्षणिक विचारों और मूल्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है।