विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला बिलासपुर में आयोजित हुआ स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान
उपायुक्त ने लुहणू मैदान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में लिया भाग, पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बिलासपुर, 05 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन बिलासपुर की अगुवाई में जिला बिलासपुर में स्वच्छता एवं पौध रोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
इस अभियान का शुभारंभ उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने लुहणू मैदान में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में भाग लेकर किया। इसके उपरांत उन्होंने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर पौधरोपण कार्यक्रमों में सहभागिता की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अधिकाधिक पौधे लगाने का भी आह्वान किया। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
इस मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि पृथ्वी मानव जीवन का आधार है और इसका संरक्षण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं या अभियानों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के व्यवहार और जीवनशैली से जुड़ा हुआ दायित्व है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पौधरोपण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग जैसे छोटे-छोटे प्रयास पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़े बदलाव ला सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की दिशा में समाज का प्रत्येक वर्ग सक्रिय योगदान दे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने में सहयोग करने तथा अपने घर, कार्यस्थल और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ नियमित रूप से पौधरोपण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों में भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आहवान किया।
सहायक आयुक्त राज कुमार की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय परिसर जबकि जिला विकास अधिकारी यशपाल की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत बंदला के विनायक घाट में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया।
इसके अतिरिक्त जिला के सभी उपमंडलों तथा विकास खंडों में भी संबंधित एसडीएम तथा खंड विकास अधिकारियों की अध्यक्षता में ग्राम पंचायत स्तर पर भी स्वच्छता एवं पौध रोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इस अभियान में विभिन्न विभागों सहित सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, महिलाओं एवं युवाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने सक्रिय भागीदारी निभाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने तथा प्रकृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का भी संकल्प लिया।
===========================================
राज्य पात्रता परीक्षा 2026 के दृष्टिगत परीक्षा केंद्रों के आसपास बी.एन.एस.एस. की धारा 163 लागू
बिलासपुर, 05 जून: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, शिमला द्वारा रविवार 07 जून को आयोजित की जा रही राज्य पात्रता परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला बिलासपुर के उपमंडल सदर के राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के परीक्षा केन्द्र 1, परीक्षा केन्द्र 2, राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर, राजकीय छात्रा वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर, राजकीय आईटीआई बिलासपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठीपुरा में स्थापित परीक्षा केंद्रों के आसपास एसडीएम सदर डाॅ. राजदीप सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस.) की धारा 163 के अंतर्गत निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार रविवार 07 जून को प्रातः 8 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक आयोजन, जुलूस, रैली, नारेबाजी एवं हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि के दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्माण कार्य, टेंट अथवा मंच की स्थापना या हटाने की गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, गोला-बारूद अथवा अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलना भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
=========================================
पॉलिटेक्निक टेस्ट 2026 के सफल आयोजन के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्र के आसपास बी.एन.एस.एस. धारा 163 लागू
बिलासपुर, 05 जून: हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड, धर्मशाला द्वारा रविवार 07 जून को आयोजित की जा रही पॉलिटेक्निक परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला बिलासपुर के उपमंडल सदर के राजकीय प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में स्थापित परीक्षा केन्द्र के आसपास एसडीएम सदर डाॅ. राजदीप सिंह ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस.) की धारा 163 के अंतर्गत निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं।
यह आदेश रविवार 07 जून को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जारी किए गए है। इस दौरान किसी भी प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक आयोजन, जुलूस, रैली, नारेबाजी एवं हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही इस अवधि के दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्माण कार्य, टेंट अथवा मंच की स्थापना या हटाने की गतिविधियों पर भी रोक रहेगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, गोला-बारूद अथवा अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलना भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
========================================
एसआईएस इंडिया लिमिटेड ने सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के अधिसूचित किए 80 पद
11 जून को रोजगार कार्यालय बिलासपुर तथा 12 जून को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में होंगे साक्षात्कार
बिलासपुर, 05 जून: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड ने सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 80 पद अधिसूचित किए है। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में 11 जून तथा 12 जून को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं में प्रातः 10ः30 बजे से कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल योग्य पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते है। इच्छुक उम्मीदवार की आयु 19 से 40 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, ऊंचाई 168 सेंमी. तथा 56 से 95 किलोग्राम भार होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 18,000 रुपये से 24,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यार्थियों को पीएफ, ईएसआई तथा बीमा की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश तथा हिमाचल से बाहरी राज्य में नियुक्त किया जाएगा। उम्मीदवार का नाम रोजगार कार्यालय में होना अनिवार्य है तथा जिनका नाम रोजगार कार्यालय में पंजीकृत नहीं है वह आनलाइन वेबसाइट eemis.hp.gov.inपर अपना नाम दर्ज करवा सकते है।
उन्होंने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222450 पर सम्पर्क किया जा सकता है।