कृति के प्रति अपनाएं संवेदनशील दृष्टिकोण, इससे ही निश्चित होगी भविष्य की दिशा: प्रो. कुलदीप अत्री
विश्व पर्यावरण दिवस पर चित्रकला प्रतियोगिता व पौधारोपण अभियान का आयोजन
धर्मशाला, 5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय मेरा युवा भारत काँगड़ा द्वारा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र, मोहली खनियारा के एमबीए विभाग के सहयोग से चित्रकला प्रतियोगिता वं पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना तथा प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, स्वच्छता तथा सतत विकास जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक अभिव्यक्तियाँ प्रस्तुत कीं। विद्यार्थियों की रचनाओं ने प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाया।
इसके उपरांत परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में निदेशक एचपीयू क्षेत्रीय केंद्र प्रो. कुलदीप अत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया, इससे ही आने वाली पीढिंयों के लिए भविष्य की दिशा निर्धारित होगी। उन्होंने एमबीए विभाग एवं माई भारत कांगड़ा द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया तथा सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में युवाओं की भूमिका पर बल दिया।
इस अवसर पर एमबीए विभाग की डाॅ. जतिंदर कौर, डाॅ. गौरव कटोच, यथार्थ वैद्य एवं डाॅ. सोनिका तथा विद्यार्थी एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
=======================================
आईटीआई कोटली में "भविष्य सेतु" करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर आयोजित
मण्डी, 05 जून। जिला रोजगार कार्यालय मण्डी एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कोटली के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को आईटीआई कोटली में "भविष्य सेतु" करियर परामर्श एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कोटली जे.सी. शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
जे.सी. शर्मा ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर कठिन परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने श्रम एवं रोजगार विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं, रोजगारपरक योजनाओं, करियर विकल्पों तथा स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को रोजगार कार्यालय में उपलब्ध करियर परामर्श, रोजगार पंजीकरण तथा विभिन्न रोजगार अवसरों के बारे में अवगत करवाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग से कनिष्ठ अभियंता देव राज एवं अभिषेक गुलेरिया ने विद्युत क्षेत्र में रोजगार एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी दी। वहीं कश्मीर, सांख्यिकी सहायक ने सांख्यिकी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार अवसरों पर प्रकाश डाला। रोजगार विभाग से विजय कुमार (जेओए-आईटी) एवं धर्म चन्द (जेओए-आईटी) ने विद्यार्थियों को रोजगार सेवाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा ऑनलाइन रोजगार पोर्टल के बारे में जानकारी दी।
आईटीआई कोटली से नवीन कुमार (जेओए-आईटी), नीरज अवस्थी (अनुदेशक) तथा ईश्वर दास (फोरमैन) ने तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षुता तथा उद्योगों में उपलब्ध रोजगार अवसरों के संबंध में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने युवाओं को अपने कौशल को निरंतर विकसित करने तथा तकनीकी शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर एवं रोजगार अवसरों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
अंत में जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि जे.सी. शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी विभागीय अधिकारियों, आईटीआई कोटली के प्रधानाचार्य, स्टाफ एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।