चण्डीगढ़, 09.05.26- : विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर चण्डीगढ़ रेडक्रॉस सोसायटी ने आज “यूनाइटेड फॉर ह्यूमैनिटी” थीम के अंतर्गत महिला भवन, सेक्टर-38, चंडीगढ़ में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसका उद्घाटन राज्यपाल पंजाब एवं प्रशासक, चंडीगढ़ गुलाब चंद कटारिया ने उपायुक्त निशांत कुमार यादव की उपस्थिति में किया। शिविर के दौरान स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 103 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
प्रशासक ने चंडीगढ़ रेडक्रॉस द्वारा प्रदान की जा रही मानवीय सेवाओं की सराहना की तथा रक्तदाताओं को मानव जीवन बचाने हेतु उनके इस महान योगदान के लिए प्रेरित किया। रक्तदाताओं एवं नामांकन हेतु उपस्थित सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के लिए चंडीगढ़ रेडक्रॉस द्वारा जलपान एवं भोजन की भी व्यवस्था की गई। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर-सह-चेयरमैन रेडक्रॉस ने कहा कि चंडीगढ़ रेडक्रॉस भविष्य में भी ऐसे स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि शहर में रक्त की आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके तथा नागरिकों में मानव सेवा की भावना को बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम में रेडक्रॉस स्वयंसेवकों, अधिकारियों, रक्तदाताओं तथा आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।