सोलन-दिनांक 13.04.2026-स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनी राम शांडिल की अध्यक्षता में आज कण्डाघाट में नागरिक अस्पताल सायरी, चायल तथा कण्डाघाट की रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में समिति की आय एवं व्यय पर गहनता से विचार-विमर्श किया गया।
डॉ. शांडिल ने इसके उपरांत मिनी सचिवालय भवन में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कण्डाघाट के सौजन्य से 21 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित बैठक सभागार का लोकार्पण भी किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीकों का समावेश करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार राज्य के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों में तकनीकी उन्नयन के लिए 03 हजार करोड़ रुपए से अधिक का निवेश करेगी ताकि लोगों को उनके घर के पास ही सुलभ और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार दूर-दराज क्षेत्रों तक लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती चरणबद्ध तरीके से की जा रही है और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का समुचित लाभ मिल रहा है। इसके अतिरिक्त लोगों को बेहतर स्वास्थ्य लाभ के दृष्टिगत अस्पताल में अनेकों सुधार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों सहित पर्याप्त स्टाफ और अन्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करवाई जा रही हैं।
डॉ. शांडिल ने सभी को आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने रोगी कल्याण समिति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों से परस्पर संवाद के माध्यम से विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में रोगी कल्याण समिति अस्पताल सायरी, कण्डाघाट तथा चायल का आगामी वित्त वर्ष का बजट भी प्रस्तुत किया गया तथा विभिन्न मामलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट एवं सदस्य सचिव रोगी कल्याण समिति गोपाल शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा क्रमवार मदों को प्रस्तुत किया।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सिंह ने मुख्यातिथि के समक्ष अस्पताल के विभिन्न मुद्दों की जानकारी दी और रोगी कल्याण समिति की गतिविधियों पर प्रकाश डाला।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, राहुल ठाकुर, सेवानिवृत्त कर्नल डॉ. संजय शांडिल, कांग्रेस के मनीष ठाकुर, नारायण सिंह, खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट ओम प्रकाश शर्मा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शुभम अग्रवाल सहित रोगी कल्याण समिति के सरकारी तथा गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित थे।