बुजुर्गों को मिला वरिष्ठ नागरिक सुविधा एवं संवाद कक्ष

ऊना 17 मार्च: कल्याण भवन में “वरिष्ठ नागरिक सुविधा एवं संवाद कक्ष” का उद्घाटन सोमवार को वरिष्ठ नागरिकों द्वारा किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य इंटरजेनरेशन बॉन्डिंग (पीढ़ियों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करना) को बढ़ावा देना है।
इस कक्ष में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें चेस, कैरम बोर्ड जैसी इंडोर गेम के साथ-साथ पुस्तकें, स्टोरी बुक्स, नॉवेल्स आदि शामिल हैं, ताकि वे अपने खाली समय का सदुपयोग कर सकें और आपसी संवाद को बढ़ावा मिल सके।
इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने विचार भी सांझा किए। इस पहल से बुजुर्गों और युवाओं/बच्चों के बीच आपसी समझ और संबंधों को और अधिक मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी ने भी उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने खाली समय में इस कक्ष का उपयोग कर सकते हैं और यहाँ उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाते हुए आपसी संवाद व सहभागिता को बढ़ावा दे सकते हैं।
कार्यक्रम में 70 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की।

===========================================

नवोदय विद्यालय कक्षा छठी प्रवेश परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी

11 अप्रैल को होगी चयन परीक्षा
चम्बा, 17 मार्च -प्रधानाचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय चम्बा विक्रम सचदेवा ‌ने जानकारी देते हुए बताया कि नवोदय विद्यालय समिति द्वारा सत्र 2026-27 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश हेतु आयोजित की जाने वाली चयन परीक्षा के प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं। पंजीकृत विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट
नवोदय.जीओवी.इन या सीबीएसईआईटीएमएस.आरसीआईएल.जीओवी.इन/एनवीएस/एडमिटकार्ड/एडमिट26कार्ड
(navodaya.gov.in & cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit26Card) से डाउनलोड कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रवेश चयन परीक्षा 11 अप्रैल को जिले के 15 शिक्षा खंडों के अंतर्गत कुल 14 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी) हेल्प डेस्क के प्रभारी कार्यालय अधीक्षक सर्फ़ दीन से संपर्क दिए गए नंबर 9418420934 एवं 8894294869 पर किया जा सकता है। यदि किसी विद्यार्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में समस्या आ रही है तो वह पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय वि‌द्यालय, सरोल चम्बा में आकर भी प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने सभी वि‌द्यार्थियों एवं अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित हों तथा प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें।
=====================================================
युवाओं के लिए मंडी में 24 मार्च को लगेगा रोजगार मेला, भरे जाएंगे विभिन्न श्रेणियों के 196 पद*
*मंडी, 17 मार्च।* युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा रोजगार मेलों का आयोजन जिला स्तर पर किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला रोजगार कार्यालय मण्डी द्वारा 24 मार्च, 2026 को एक लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कम्पनियां भाग लेंगी और 196 रिक्त पदों को भरने के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि यह रोजगार मेला 24 मार्च को प्रातः 10.30 बजे मॉडल करियर सेंटर/जिला रोजगार कार्यालय, खलियार, मण्डी (हि.प्र.) में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हीरो मोटर्स कंपनी ई-वैली प्रा. लिमिटेड की ओर से टेक्निकल एसोसिएट/ ऑपरेटिंग इंजीनियर के 35 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इसके लिए शैक्षणिक योग्यता जमा दो कक्षा उत्तीर्ण, आईटीआई, मैकेनिकल या इलेक्ट्रिकल में डिप्लोमा धारक रखी गई है और 18 से 32 वर्ष आयु तक के पुरूष व महिला अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को पंजाब के लुधियाना में तैनाती दी जाएगी और वेतन 18,500 रुपए से 22,500 रुपए तक निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरूष अभ्यर्थियों के लिए सुपरवाइजर के 60 पदों के लिए भी तीन कंपनियों एलायंस ग्रो स्टाफिंग प्रा. लिमिटेड, नुरेका टैक्नोलॉजी प्रा. लिमिटेड तथा एमटी ऑटोक्राफ्ट सिस्टम लिमिटेड की ओर से साक्षात्कार लिए जाएंगे। शैक्षणिक योग्यता जमा दो कक्षा उत्तीर्ण या इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, एमएमवी इत्यादि में आईटीआई डिप्लोमा रखी गई है। उन्होंने बताया कि परवाणु व मोहाली में तैनाती के साथ ही इनके लिए 13,500 रुपए वेतन व अन्य भत्ते निर्धारित किए गए हैं।
कंपीटेंट ऑटोमोबाइल प्रा. लिमिटेड की ओर से सेल्ज़ एग्जीक्यूटिव और सर्विस एडवाइजर के 17 पद के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में बी.टेक/डिप्लोमा/ग्रेजुएशन रखी गई है। ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य होगा। 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष और महिला दोनों आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए वेतन 14,000 रुपए से 18,000 हजार रुपए व अलग से इंसेंटिव निर्धारित किया गया है और तैनाती मंडी, कुल्लू और मनाली में की जाएगी।
आनंद ऑटो केयर प्रा. लिमिटेड की ओर से सेल्ज़ ऑफिसर के चार पदों के लिए साक्षात्कार लिए जा रहे हैं। शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में ग्रेजुएशन रखी गई है। इसमें 21 से 35 वर्ष के बीच आयु के पुरुष और महिला दोनों आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि वेतन 12,750/- और उससे अधिक (अनुभव के आधार पर) निर्धारित किया गया है और तैनाती मंडी में होगी।
एक्सिस बैंक (एनआईआईटी) की ओर से एसिस्टेंट मैनेजर के 30 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की उपाधि रखी गई है। 21 से 33 वर्ष आयु वर्ग के पुरूष एवं महिला अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए वेतन 36,500 रुपए निर्धारित किया गया है और हिमाचल प्रदेश में कहीं भी तैनाती की जा सकती है।
ग्राम तरंग टेक्निकल वोकेशनल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग प्रा. लिमिटेड की ओर से इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, वायरमैन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर मैकेनिक इत्यादि के 50 पदों के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास/आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन, मशीनिस्ट, वायरमैन, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, फिटर, एमएमवी इत्यादि) रखी गई है। इसमें 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के पुरुष उम्मीदवार तथा केवल वे लड़कियां जिन्होंने आईटीआई कोपा ट्रेनिंग पूरी की है, पात्र होंगी। उन्होंने बताया कि वेतन 12,507 रुपए व 800 रुपए उपस्थिति प्रोत्साहन निर्धारित किया गया है और तैनाती कपूरथला में दी जाएगी।
अरविन्द सिंह चौहान ने बताया कि इच्छुक एवं योग्य आवेदक अपने सभी शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड व अपना बायोडाटा साथ लेकर साक्षात्कार के लिए उपस्थित हो सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने सभी इच्छुक आवेदकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर इस रोजगार मेले में भाग लें और उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं।
===============================================
सर्वाइकल कैंसर बचाव के लिए टीकाकरण अभियान 29 मार्च से: सीएमओ
ऊना 17 मार्च: मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना संजीव कुमार वर्मा ने जानकारी दी है कि स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग द्वारा ज़िला ऊना में सर्वाइकल कैंसर या गर्भाशय के मुंह के कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अन्तर्गत 29 मार्च, 5 अप्रैल व 12 अप्रैल रविवार के दिन जिला के 27 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एचपीवी टीकाकरण किया जाएगा। यह टीका भारत सरकार द्वारा 14 से 15 वर्ष आयु की बालिकाओं को इस कैंसर के बचाव के लिए लगाया जा रहा है। इसकी एक खुराक लम्बे समय तक इम्युनिटी प्रदान करने के लिए सक्षम है। यह टीका कैंसर पैदा करने वाले वायरस से सुरक्षा प्रदान करता है तथा पूर्णतया प्रभावशाली और सुरक्षित है।
उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि इस टीकाकरण को लेकर किसी प्रकार की भ्रांतियों में न आएं और बच्चियों का भविष्य सुरक्षित बनाने के लिए बढ़-चढ़कर आगे आएं। उन्होंने कहा कि इससे बांझपन या किसी भी तरह के दीर्घकालिक दुष्प्रभाव नहीं होते है, बल्कि एचपीवी वायरस के संक्रमण से प्रजनन क्षमता में कमी व गर्भधारण में बाधा आ सकती है। यह टीका कैंसर के कारण होने वाले प्रजनन अंगों के नुकसान को रोककर प्रजनन क्षमता की रक्षा करने में सहायक है।
===============================================
सोलन-दिनांक 17.03.2026
पीएम-अजय योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 31 मार्च तक करें आवेदन

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम अजय) के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आरम्भ किया जा रहा है। यह जानकारी आज यहां जिला कल्याण अधिकारी सोलन विवेक अरोड़ा ने दी।
विवेक अरोड़ा ने कहा कि इस योजना के तहत युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल प्रदान करने के उदेश्य से दो पाठ्यक्रमों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी की अवधारणाएँ- Concepts of Artificial Intelligence Technology तथा ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग और पब्लिशिंग असिस्टेंट- Office Automation, Accounting and Publishing Assisstantपाठ्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन पाठ्यमक्रमों के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 31 मार्च, 2026 तक अपने आवेदन जिला कल्याण अधिकारी सोलन के कार्यालय में जमा करवा सकते हैं। इन पाठ्यमक्रमों के लिए 30 सीटे आबंटित की गई है। उन्होंने कहा कि इन सीटों को आवश्यकता अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह पाठ्यक्रम 3 माह की अवधि का होगा। इसमें प्रतिदिन 4 घंटे का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रौद्योगिकी की अवधारणाएँ कोर्स के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता किसी भी विषय में स्नातक तथा ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग और पब्लिशिंग असिस्टेंट कोर्स के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता जमा दो निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि इन दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में आवेदक अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित तथा हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। उम्मीदवारों की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बीपीएल श्रेणी के अनुसूचित जाति वर्ग के उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा 30 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति वर्ग की महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित रहेंगी।
ज़िला कल्याण अधिकारी ने कहा कि यह प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा और प्रशिक्षण वर्टेक्स संस्थान, समीप राजकीय डिग्री कॉलेज, राजगढ़ मार्ग, सोलन में दिया जायेगा। प्रशिक्षण पूर्ण करने के पश्चात अभ्यर्थी को दो हजार रूपये प्रतिमाह का स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला कल्याण अधिकारी, सोलन में सम्पर्क कर सकते है।
===============================================
टाण्डा फिल्ड फायरिंग रेज में 24 मार्च तथा 26 मार्च को फायरिंग
धर्मशाला, 17 मार्च: अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना द्वारा टाण्डा फायरिंग रेंज में 24 मार्च तथा 26 मार्च को सुबह 8 बजे से रात्रि 10 बजे तक फायरिंग की जायेगी। उन्होंने कोहाला, कच्छयारी, खोली तथा घुरकड़ी के लोगों से आग्रह किया कि 24 मार्च तथा 26 मार्च को फायरिंग रेंज के आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
======================================================
सोलन-दिनांक 17.03.2026
सोलन शहर में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित

सोलन शहर में सुचारु रुप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जा रही है। यह जानकारी आज यहां जल शक्ति विभाग सोलन के सहायक अभियन्ता ने दी।
सहायक अभियन्ता ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र सोलन में गिरी उठाऊ पेयजल योजना तथा अश्वनी खड्ड उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति सुचारु रुप से की जा रही है। उन्होंने कहा कि 9 मार्च को विद्युत आपूर्ति न होने के कारण केवल एक दिन पंपिंग प्रभावित हुई थी। उन्होंने कहा कि गत 20 दिनों के दौरान नगर निगम सोलन को औसतन लगभग 109 लाख लीटर पेयजल प्रतिदिन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग द्वारा नगर निगम सोलन को पर्याप्त मात्रा में प्रतिदिन जलापूर्ति की जा रही है। उन्होंने कहा कि पंपिंग प्रणाली की नियमित जांच भी की जा रही है ताकि शहर वासियों को सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध होता रहे।
उन्होंने कहा कि पावर हाउस और सपरुन सहित शहर के सभी क्षेत्रों में जलापूर्ति सुचारू है।
उन्होंने कहा कि प्रथम मार्च को गिरी नदी से 65 लाख लीटर पानी तथा अश्वनी खड्ड से 25.04 लाख लीटर पानी, 2 मार्च को गिरी नदी से 70 लाख लीटर पानी तथा अश्वनी खड्ड 25 लाख लीटर पानी, 3 मार्च को गिरी नदी से 68 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 24.4 लाख लीटर, 4 मार्च को गिरी नदी से 62 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 16.8 लाख लीटर, 5 मार्च को गिरी नदी से 65 लाख तथा अश्वनी खड्ड से 16.6 लाख लीटर, 6 मार्च को गिरी नदी से 74 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 24.5 लाख लीटर, 7 मार्च को गिरी नदी से 72 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 25.4 लाख लीटर, 8 मार्च को गिरी नदी से 68 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 24.09 लाख लीटर, 9 मार्च को गिरी नदी से 75 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 24.5 लाख लीटर, 10 मार्च को गिरी नदी से 12 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 22.5 लाख लीटर, 11 मार्च को गिरी नदी से 70 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 23.8 लाख लीटर, 12 मार्च को गिरी नदी से 68 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 20.6 लाख लीटर, 13 मार्च को गिरी नदी से 65 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 21.8 लाख लीटर, 14 मार्च को गिरी नदी से 75 लाख लीटर अश्वनी खड्ड से 18.8 लाख लीटर, 15 मार्च को गिरी नदी से 63 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 21.6 लाख लीटर, 16 मार्च को गिरी नदी से 45 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 25.1 लाख लीटर, तथा 17 मार्च को गिरी नदी से 70 लाख लीटर तथा अश्वनी खड्ड से 18.8 लाख लीटर पानी नगर निगम सोलन को वितरित किया गया है।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग सभी को सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।