धर्मशाला, 4 फरवरी: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंतर-राज्य युवा आदानदृप्रदान कार्यक्रम के अवसर पर कल सायं द्वितीय दिवस पर राजस्थान से आए 35 युवाओं ने स्वास्थ्य, आत्मविकास एवं सांस्कृतिक सहभागिता से जुड़ी विविध गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन आरएचएफडब्ल्यूटीसी, छेब, कांगड़ा में किया जा रहा है।
दिन की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसमें प्रतिभागियों को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया गया। इसके उपरांत जोनल अस्पताल धर्मशाला की मनोवैज्ञानिक डाॅ. ज्योति शर्मा द्वारा मेंटल वेल बीइंग एवं साइकोलॉजिकल रेसिलिएंस विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने युवाओं को तनाव प्रबंधन, भावनात्मक संतुलन तथा सकारात्मक सोच के व्यावहारिक उपायों से परिचित कराया।
इसके पश्चात नशा मुक्त भारत अभियान एवं टोबैको फ्री हिमाचल विजनदृ2047 विषय पर नोबल कम्युनिटी फाउंडेशन, कांगड़ा के अध्यक्ष एवं युवा आइकन मंगल सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
दोपहर सत्र में युवा आइकन एवं उद्यमी संदीप चैधरी द्वारा कौशल विकास एवं प्रेरणा विषय पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, उद्यमिता अपनाने तथा करियर निर्माण के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। इसके उपरांत आर्ट आॅफ लिविंग, कांगड़ा के आचार्य अनुराग अरोड़ा द्वारा डीप ब्रीदिंग एवं मेडिटेशन सत्र का आयोजन किया गया, जिससे युवाओं ने आंतरिक शांति, एकाग्रता एवं आत्मनियंत्रण के व्यावहारिक अभ्यास सीखे।
सांयकालीन सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं बोनफायर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के युवाओं ने अपनी-अपनी लोक संस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। इस सांस्कृतिक आदानदृप्रदान ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सशक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उप-निदेशक, मेरा युवा भारत कांगड़ा ध्रुव डोगरा ने बताया कि इस अंतर-राज्य युवा आदानदृप्रदान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को मानसिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में सक्रिय और सकारात्मक भूमिका निभा सकें। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में प्रतिभागियों के लिए शैक्षिक भ्रमण, साहसिक गतिविधियां तथा समापन समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिससे युवाओं को और अधिक समृद्ध एवं प्रेरणादायक अनुभव प्राप्त होंगे।