जिला चम्बा में पंचायत निर्वाचन मतदाता सूचियों का अंतिम रूप प्रकाशित - उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा 4 फरवरी 2026,-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार जिला चम्बा की समस्त ग्राम पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियों का प्रारूप 06 अक्तूबर 2025 को प्रकाशित किया गया था, जिस पर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटारा किए जाने के उपरांत पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 21(1) के अंतर्गत अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूचियां से संबंधित भाग की प्रतिलिपि उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंबा, जिला पंचायत अधिकारी एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) चंबा के अलावा संबंधित ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों तथा जिला परिषद चम्बा के कार्यालय में निशुल्क निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है वे जिला स्तर पर संबंधित कार्यालयों में उपस्थित होकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं जिसके लिए निर्धारित शुल्क 2 रुपए देय होगा।

========================================

विधायक प्राथमिकताओं से संबंधित कार्यों की प्रगति बारे समीक्षा बैठक आयोजित

चम्बा, 4 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज जिले से संबंधित विधायक प्राथमिकताओं के संबंध में पूर्व में आयोजित बैठक की कार्यवाही पर की गई कार्रवाई रिपोर्ट (एक्शन टेकन रिपोर्ट) की समीक्षा को लेकर बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में विधायक प्राथमिकताओं के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। विशेष रूप से चम्बा शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पार्किंग सुविधाओं के निर्माण, पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा में फर्नीचर एवं स्वास्थ्य उपकरणों की स्थापना, रेडियोलॉजिस्ट के पदों को भरने, चम्बा जिला को धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने, चुवाड़ी से चम्बा के मध्य प्रस्तावित टनल परियोजना, खजियार में साहसिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, चम्बा में इंडोर खेल स्टेडियम एवं लघु सचिवालय के निर्माण कार्यों की प्रगति तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के सुधार कार्यों आदि की उपायुक्त द्वारा समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा, वन मंडल अधिकारी कृतज्ञ कुमार, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
================================

लेक फेस्टीवल तलेरू की व्यवस्थाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित

चंबा 4 फरवरी 2026,जिला प्रशासन के निर्देशानुसार उप-मंडलाधिकारी (ना०), सलूणी द्वारा तलेरू बोटिंग प्वाइंट में 20-22 फरवरी को 3 दिवसीय विंटर लेक फेस्टिवल के आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य सलूणी क्षेत्र को पर्यटन के रूप में प्रोत्साहित करना है।

इस संदर्भ में मंच/पंडाल, ऑर्केस्ट्रा, साउंड सिस्टम एवं एलईडी स्क्रीन आदि व्यवस्थाओं के लिए निविदाएं आमंत्रित की जा रहीं हैं।

इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति/संस्थाएं निविदा आवेदन प्रपत्र उप-मंडलाधिकारी कार्यालय, सलूणी से कार्यालय समय में प्राप्त कर सकते हैं व 13.02.2026 सुबह 10:30 बजे तक आवेदन कर सकते हैं

============================================