ऊना, 8 मई। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज वीरवार को जिला बिलासपुर के भाखड़ा स्थित ऐतिहासिक नरसिंह मंदिर में आयोजित भागवत कथा का श्रवण किया। यह धार्मिक आयोजन 2 मई से 9 मई तक चल रहा है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने मंदिर में शीश नवाया और धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।
श्री अग्निहोत्री ने भागवत कथा वाचक जगतगुरु संत विकास दास जी महाराज को शाल, टोपी व गदा भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यकरण हेतु 10 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नरसिंह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी यह एक महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यकरण और सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान सरकार ने चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 250 करोड़ रुपये और ज्वालाजी, नैना देवी तथा बाबा बालक नाथ मंदिर के लिए 100-100 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
देश की सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत इस समय पाकिस्तान के साथ संघर्ष की स्थिति में है और हम सब भारतीय सेना के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सेना के जवानों को शक्ति और साहस प्रदान करें ताकि वे देश के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दे सकें।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, अशोक ठाकुर, सतीश बिट्टू, विनोद बिट्टू सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं भारी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।