बिलासपुर, 29 नवंबर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। वर्तमान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीण आबादी को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति प्रदान की गई है और विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रुपए की विकास परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और गांवों में रहने वाले लोगों की आर्थिकी को सशक्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए भी महत्वपूर्ण पहल की गई हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर बढ़ें और लोगों को अपनी आजीविका के लिए पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि पनोह, फटोह और बकरोआ पंचायतों में सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कुल 6 करोड़ 68 लाख रूपए के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इनमें संपर्क मार्गों का निर्माण, सड़कों की टारिंग एवं मरम्मत, पुल निर्माण, सुरक्षा दीवार और जल निकासी व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। पनोह पंचायत में नल्टी गांव के लिए संपर्क मार्ग के निर्माण पर 20 लाख रूपए तथा एनएच फोरलेन से सनौर गांव तक सीसी सड़क निर्माण पर 10 लाख रुपए निर्धारित किए गए हैं। फटोह पंचायत में बल्लू रोपा से छिब्बे संपर्क मार्ग के निर्माण पर 16 लाख रूपए, भगेड़ से फटोह सड़क पर रिटेनिंग वॉल निर्माण के लिए 8 लाख रूपए तथा पनोह और फटोह पंचायतों में वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की बहाली एवं पैचवर्क के लिए 35 लाख रूपए निर्धारित किए गए हैं। धारड़ी गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण पर 33 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त फटोह से कलरी सारटी के बीच पुल निर्माण के लिए 90 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है, जिसके लिए टेंडर आवंटित किया जा चुका है। कंदरौर-पनोह-टकरेहड़ा सड़क के किलोमीटर 0/0 से 2/0 तक टारिंग कार्य के लिए 15 लाख रूपए निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बकरोआ पंचायत में बल्ही गांव के संपर्क मार्ग के लिए 10 लाख रूपए, दरयाणा गांव के संपर्क मार्ग के लिए 8 लाख रूपए तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भगेड़ में सुरक्षा दीवार एवं जल निकासी व्यवस्था के निर्माण के लिए 8 लाख रूपए निर्धारित किए गए हैं। वहीं, बागथेडु गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए 15 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त राहियां-भगेड़-पलथी-मझासू-सनौर सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर नाबार्ड को भेजी गई है, जिसके लिए 4 करोड़ रूपए की राशि दर्शाई गई है।
मंत्री ने कहा कि भगेड़ और आसपास के क्षेत्रों में पिछले लगभग 15 वर्षों से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए विद्युत विभाग द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके तहत भगेड़ चौक मार्केट और पनोल रोड पर दो नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। वहीं, बल्लूं के पास स्थापित 100 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मर को अपग्रेड कर 250 केवीए किया गया है, जिससे संबंधित क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या का समाधान हुआ है। विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए 33 केवी लाइन की री-कंडक्टरिंग का कार्य किया जा रहा है, जिससे लाइन की विद्युत वहन क्षमता बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि बडोल देवी में 16 करोड़ रुपए की लागत से नया विद्युत सब-स्टेशन स्वीकृत किया गया है। इस सब-स्टेशन से भगेड़ के लिए नया फीडर निकाला जाएगा, जिसे कंदरौर से आने वाली मौजूदा विद्युत आपूर्ति के साथ इंटरलिंक किया जाएगा। इससे भगेड़ क्षेत्र को दोनों सब-स्टेशनों से बिजली आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त आगामी छह महीनों में भगेड़ क्षेत्र में छह नए बिजली ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए जाएंगे। एम्स सब-स्टेशन से भगेड़ तक लगभग 10 करोड़ रुपए की लागत से नई 33 केवी विद्युत लाइन का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में डबल विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
राजेश धर्माणी ने बताया कि औहर, भगेड़ और पलथी पंचायतों के 13 गांवों के लोगों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लगभग 15 करोड़ रुपए की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना का कार्य किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। योजना के माध्यम से करीब 407 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा के दायरे में लाया जाएगा, जिससे लगभग 5,400 लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना के पूरा होने से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध होगा, जिससे कृषि उत्पादन बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार ने प्रभावी पहल की है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित फसलों के लिए एमएसपी निर्धारित करने से किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलने के साथ-साथ प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। इसके अतिरिक्त पशुपालकों को दूध का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाकर उनकी आर्थिकी मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य कृषि और पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाकर ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर विकास की मुख्यधारा से हर गांव और हर परिवार को जोड़ना है। सड़क संपर्क बेहतर होने, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनहित और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।