चंडीगढ़, 27 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व कॉलेज प्रोफेसर सम्पत सिंह ने प्रदेश सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य की 22 सरकारी यूनिवर्सिटियों पर 16,052 करोड़ रुपये का भारी कर्ज चढ़ा दिया गया है। बीजेपी सरकार ने यूनिवर्सिटियों को मिलने वाली अनुदान राशि (ग्रांट-इन-एड) को बंद करके उसकी जगह कर्ज देना शुरू कर दिया है। यह सरकारी उच्च शिक्षा से धीरे-धीरे अपना हाथ खींचने की एक सोची-समझी नीति है। इससे सरकारी यूनिवर्सिटियों के निजीकरण, व्यवसायीकरण और यहां तक कि बंद होने का खतरा पैदा हो गया है।
संपत सिंह ने कहा प्रदेश में कई विश्वविद्यालय बंद होने की कगार पर हैं। सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी और सोनीपत स्थित भगत फूल सिंह यूनिवर्सिटी में कर्मचारियों को वेतन तक नहीं मिला और जब विरोध हुआ तब वेतन तो जारी किया लेकिन वेतन अब भी दो महीने लेट मिल रहा है। संपत सिंह ने कहा कि 29 अप्रैल 2022 को यूनिवर्सिटी को मिलने वाली ग्रांट को लोन में बदल दिया था। इसके बाद जब विरोध हुआ तो 22 मई 2022 को फिर से लोन को ग्रांट में बदल दिया। बीजेपी सरकार ने अलग-अलग नामों, जैसे गैर-आवर्ती खर्च के तहत पैसा देना जारी रखा, लेकिन बजट में इसे अनुदान के बजाय बजट हेड 6202 (शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति के लिए कर्ज) में दर्ज किया गया। जबकि यह राशि बजट हेड 2202 (शिक्षा के लिए अनुदान) में दर्ज होनी चाहिए थी। हरियाणा सरकार विश्वविद्यालयों को ग्रांट नहीं बल्कि लोन के तौर पर पैसा दे रही है। सरकारी यूनिवर्सिटी को कमर्शियल तरीके से इस्तेमाल नहीं कर सकती है। संपत सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने आंगनबाड़ी के स्कूल से लेकर यूनिवर्सिटी तक शिक्षा के सिस्टम को खत्म कर दिया है।
यूनिवर्सिटी में यूजी कोर्स नई एजुकेशन पॉलिसी के तहत शुरू कर दिए है। बीजेपी सरकार ने यूनिवर्सिटी में वित्तीय प्रबंधन रिसर्च, पेटेंट, सीएसआर एल्युमनी और यूनिवर्सिटी की खाली पड़ी जमीन के कमर्शियल प्रयोग करने का पत्र भी जारी किया है। सभी 22 यूनिवर्सिटी में 6290 पोस्ट टीचर्स की है 2733 पद ही भरे हुए है 3557 पद खाली पड़े हैं। वित्त विभाग ने सभी यूनिवर्सिटी को एक पत्र जारी किया है कि जो 4 साल से पद खाली है उन्हें खत्म माना जाए। प्रोफेसर संपत सिंह ने कहा पिछले 4 साल से किसी भी यूनिवर्सिटी में नियमित भर्ती नही हुई है। कैथल की संस्कृत यूनिवर्सिटी में टीचिंग स्टाफ 5 है और राई स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में 7 टीचिंग स्टाफ है। प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था का बुरा हाल है और सब भगवान भरोसे हैं। हरियाणा में कई प्राइवेट यूनिवर्सिटी चल रही है जिससे छात्र मजबुरन महंगी शिक्षा ले रहे हैं।
हरियाणा में यूसीसी को लेकर सरकार की तैयारी पर प्रो. संपत सिंह ने कहा कि यूसीसी एक गंभीर मुद्दा है। इनेलो अपने संगठन में इस विषय पर चर्चा करेगी। कांग्रेस यूसीसी लागू करने में सरकार के ही साथ है।
पंचायत विभाग में करोड़ों की सेंधमारी पर संपत सिंह ने कहा कि इस मामले में गहन औऱ उच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इस फ्रॉड में जिनकी संलिप्तता है उन पर सख्त कार्रवाई की जाए।