चंडीगढ़,26नवंबर।प्रेस के संवैधानिक सशक्तिकरण की मांग को लेकर जनजागरण कर रहे ऑल प्लेटफॉर्म्स जर्नलिस्ट फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र सिंह जादौन ने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के सचिव को संविधान दिवस के अवसर पर पत्र भेजकर प्रेस को वास्तविक आजादी दिलाने के लिए भारत सरकार को निर्देशित कर संविधान में व्यापक प्रावधान कराने की मांग की है।

जादौन ने गुरुवार 26नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित हरियाणा विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में प्रेस की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक अशोक अरोड़ा का आभार व्यक्त किया और आशा व्यक्त की कि अशोक अरोड़ा और उनकी पार्टी कांग्रेस प्रेस के संवैधानिक सशक्तिकरण की दिशा में अभियान जारी रखते हुए तार्किक नतीजे तक पहुंचाएगी।

जादौन ने कहा कि अशोक अरोड़ा और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा मीडिया को कमजोर किए जाने का मुद्दा उठाए जाने पर सरकारी पक्ष की ओर से सदन में पलटवार किया गया कि आपातकाल में प्रेस सेंसरशिप लागू की गई थी।प्रेस सेंसरशिप एक खुला कदम था लेकिन मौजूदा केंद्र और हरियाणा की सरकार समालोचक पत्रकारों को नियमों की आड़ में अवरुद्ध कर रही है।इस डिजिटल युग में एक्रीडिटेशन के लिए समाचारपत्रों की प्रसार संख्या का मानक बढ़ा चढ़ा कर रखा जा रहा है ताकि गंभीर समालोचक पत्रकात एक्रीडिटेशन न ले पाए और उन्हें एक्रीडेटेड न होने के बहाने अवरुद्ध किया जा सके।जादौन ने पूर्व भूपेंद्र हुड्डा सरकार के दो कार्यकाल को प्रेस की स्वतंत्रता के मद्देनजर अनुकरणीय बताते हुए कहा कि हुड्डा सरकार ने न तो ऐसे अव्यवहारिक प्रसार संख्या मानक बनाए और न ही एक्रीडिटेशन न होने के बहाने किसी पत्रकार को कार्य से अवरुद्ध किया जबकि मीडिया में हुड्डा सरकार की जांच परख में कोई कमी नहीं थी।जादौन ने कहा कि प्रेस की स्वतंत्रता के प्रति यह तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की आस्था का स्पष्ट प्रमाण है और इसलिए प्रेस की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाने के लिए पूर्ण नैतिक बल प्राप्त है।