चंडीगढ़, 18 नवंबर। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार प्रदेश के पंचायती राज सिस्टम को बर्बाद करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि आज गांव के सरपंच के पास इतनी भी ताकत नहीं है कि वह मनरेगा के तहत श्मशान घाट, कब्रिस्तान में सफाई तक करवा सके। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी लोग अपने फायदे के लिए सरकारी योजनाओं को खत्म कर रहे है। बुधवार को दुष्यंत चौटाला फरीदाबाद और मेवात जिले के दौरे के दौरान पत्रकारों से रूबरू थे। इससे पहले दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली जन-जन अधिकार रैली का न्यौता दिया।

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने किसानों का मुद्दा का उठाते हुए कहा कि फसल के भुगतान में देरी के कारण किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि पिछले सीजन का भी भुगतान अभी तक पेंडिंग पड़ा है। प्रदेश की ऐसी कोई मंडी नहीं है जहां किसानों को उनकी फसलों का पूरा दाम मिल रहा हो। दुष्यंत ने कहा कि आज भाजपा सरकार में एमएसपी से नीचे के दाम पर किसान अपनी फसल बेचने को मजबूर है।

दुष्यंत चौटाला ने ये भी कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था का बुरा हाल है और बदमाशों का बोलबाला है, जिसके चलते प्रदेश में आज कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है। दुष्यंत चौटाला ने एसआईआर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा जनता के वोट के अधिकार पर डाका डालने के कारण जनता में भारी रोष है और छह दिसंबर को भारी संख्या में लोग जेजेपी की जन-जन अधिकार रैली में शामिल होकर भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेंगे। इस दौरान जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जेजेपी ने कार्यकर्ताओं की मेहनत की दम पर अनेक बड़ी-बड़ी रैलियां की है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा की गलत नीतियों को उजागर करेंगे और जेजेपी की महेंद्रगढ़ रैली का निमंत्रण लोगों को देंगे।